रिपोर्ट – रवि कुमार
गुरुआ (गयाजी) :- गुरुआ थाना क्षेत्र के बरमा गांव में रविवार को पारिवारिक कलह को लेकर एक नाबालिग बेटे द्वारा अपने ही पिता पर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल पिता की इलाज के लिए गया ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई।मिली जानकारी के अनुसार, बरमा गांव निवासी करीब 50 वर्षीय दीपा मांझी एक स्कूल में निजी तौर पर काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार को स्कूल में छुट्टी होने के कारण वे एक बस के पहिये में पंचर हो जाने पर उसका पहिया खोल रहे थे। इसी दौरान उनका 16 वर्षीय बेटा संदीप मांझी वहां पहुंचा और कथित रूप से पहिया खोलने वाले रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में दीपा मांझी के सिर में गंभीर चोट लगी और काफी खून बहने लगा।आसपास मौजूद लोगों ने घायल दीपा मांझी को इलाज के लिए गुरुआसामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गया रेफर कर दिया। गया ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर गुरुआ थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया।पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटना के वास्तविक कारणों और हमले की परिस्थितियों को लेकर पुलिस द्वारा परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पारिवारिक विवाद में नाबालिग बेटे ने पिता पर किया हमला, इलाज के दौरान मौत
