देवघर से दिव्य दिनकर संवाददाता प्रेम रंजन झा।
देवघर जिले के पालोजोरी थाना क्षेत्र में स्कूल से सोलर बैटरी चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी गई पांचों सोलर बैटरी बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।
क्या है पूरा मामला
22 अक्टूबर 2026 को अनारकली प्लस टू विद्यालय, पालोजोरी से पांच सोलर बैटरी चोरी की घटना हुई थी। इस संबंध में पालोजोरी थाना में कांड संख्या 71/2026, धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस 2023 के तहत अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था।
1 नवंबर 2026 की रात्रि में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अनारकली प्लस टू विद्यालय के आसपास दो लड़के काफी देर से घूम रहे हैं। सूचना के सत्यापन के लिए गश्ती दल को सूचित करते हुए थाना से सशस्त्र बल के साथ पुलिस रवाना हुई और गश्ती गाड़ी से संपर्क किया। जैसे ही पुलिस टीम विद्यालय पहुंची तो दोनों लड़के पुलिस गाड़ी देखकर भागने लगे, जिन्हें गश्ती दल द्वारा खदेड़ कर पकड़ा गया। थाना लाकर नाम-पता पूछने पर एक को नाबालिग पाया गया तथा दूसरे की पहचान मुस्तफा शाह, उम्र करीब 34 वर्ष, पिता स्वर्गीय दाउद शाह, साकिन जेरुवाडीह, थाना बेंगाबाद, जिला गिरिडीह के रूप में हुई।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों लड़के उस रात भी सोलर बैटरी चोरी करने ही विद्यालय पहुंचे थे। पूर्व में हुई पांच सोलर बैटरी की चोरी भी नाबालिग लड़के द्वारा की गई थी और चोरी की बैटरी मुस्तफा शाह को बेची गई थी। इसके बाद मुस्तफा शाह की निशानदेही पर कांड में चोरी गई पांचों सोलर बैटरी बरामद कर ली गई।
जप्त सामान
चोरी गई पांच सोलर बैटरी
गिरफ्तारी
01 विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है, जबकि मुस्तफा शाह, उम्र करीब 34 वर्ष, जेरुवाडीह, थाना बेंगाबाद, जिला गिरिडीह को गिरफ्तार किया गया है।
छापामारी दल में शामिल थे
पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार, थाना प्रभारी, पालोजोरी थाना, सहायक अवर निरीक्षक जयचंद सोरेन, पालोजोरी थाना एवं पालोजोरी थाना सशस्त्र बल।
पालोजोरी थाना पुलिस को मिली बड़ी सफलता, स्कूल से चोरी गई पांच सोलर बैटरी बरामद, एक गिरफ्तार
