-ग्रामीणों ने सीओ को सौंपा आवेदन, दोनों तरफ से 15-15 फीट जमीन लेने की मांग
-आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता
विश्रामपुर ,पलामू। विश्रामपुर से इटको तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण को लेकर जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई है। नावाडीह कला, छिपादोहर खुर्द, छिपादोहर कला और विश्रामपुर के ग्रामीणों ने एकतरफा जमीन अधिग्रहण का विरोध करते हुए विश्रामपुर अंचल अधिकारी (सीओ) को आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों ने सड़क के दोनों तरफ से समान रूप से जमीन अधिग्रहण करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के लिए कुछ स्थानों पर केवल एक तरफ से जमीन ली जा रही है। इससे एक तरफ के रैयतों को अधिक नुकसान उठाना पड़ सकता है, जबकि दूसरी तरफ के लोगों की जमीन सुरक्षित रह सकती है। ग्रामीणों ने इस प्रक्रिया को असमान बताते हुए कहा कि सड़क निर्माण में दोनों तरफ के रैयतों के हितों का समान रूप से ध्यान रखा जाना चाहिए।
आवेदन में ग्रामीणों ने बताया है कि पूर्व में सड़क की मापी के दौरान कुल 30 फीट चौड़ाई निर्धारित की गई थी। इसके तहत सड़क के दोनों तरफ से 15-15 फीट जमीन लेने की बात तय हुई थी। ग्रामीणों ने इसी पूर्व निर्धारित मापी के आधार पर जमीन अधिग्रहण कर सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने सीओ से आग्रह किया है कि उनकी आपत्तियों पर गंभीरता से विचार कर जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में समानता सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि निष्पक्ष तरीके से जमीन अधिग्रहण होने पर ग्रामीणों के बीच विवाद की स्थिति नहीं बनेगी और सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी सुचारू रूप से पूरा हो सकेगा।
