-कहुआखाड़-बाराखाड़ के ग्रामीण, मरीज को खाट पर टांगकर 7 KM ले जाना पड़ता है
-आदिवासी एक्सप्रेस/पप्पू यादव
नौडीहा बाजार (पलामू): प्रखंड के अतिसुदूरवर्ती पंचायत खैरादोहर के बाराखाड गांव के टोला कहुआखाड़ में जाने वाली मुख्य सड़क आज भी कीचड़-पानी में तब्दील है। आजादी के 75 वर्ष बीत जाने के बावजूद कहुआखाड़ और बाराखाड़ के ग्रामीण बुनियादी सुविधा तक से वंचित हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात में सड़क पर घुटने भर कीचड़ और पानी भर जाता है। गर्भवती महिलाओं और बीमार व्यक्तियों को खाट पर टांगकर करीब 7 किलोमीटर दूर मुख्य सड़क खैरादोहर तक लाना पड़ता है। न्यू प्राथमिक विद्यालय कहुआखाड़ के पास अब तक पुल नहीं बना है, जिससे बरसात में पानी में डूब कर गांव आना-जाना पड़ता है। वार्ड सदस्य शिवपति देवी, प्रमोद सिंह, रमाशंकर सिंह, हिरनेन सिंह, दुखन सिंह, जितेंद्र, बबन सिंह, प्रभु सिंह सहित ग्रामीणों ने बताया कि इसको लेकर स्थानीय मुखिया और पंचायत समिति से कई बार शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्थानीय विधायक राधाकृष्ण किशोर से अविलंब सड़क और पुल निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के समय विधायक ने सड़क और पुलिया बनाने का वादा किया थे,जो आज तक पूरा नहीं हुआ।
बाराखाड़ गांव की सड़क बदहाल, कीचड़-पानी में तब्दील, पैदल चलना भी मुश्किल
