आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा : हंटरगंज थाना क्षेत्र के बलुरी गांव में रविवार को एक आवारा कुत्ते के हमले से अफरातफरी मच गई। कुत्ते ने करीब एक घंटे के भीतर एक बछड़े समेत तीन ग्रामीणों को काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी विनोद राम के बछड़े पर एक आवारा कुत्ता हमला कर रहा था। बछड़े को बचाने के लिए विनोद राम की नाबालिग बेटी वहां पहुंची।इसी दौरान कुत्ते ने उस पर भी हमला कर दिया और उसे काटकर घायल कर दिया।इसके बाद कुत्ता गांव में इधर-उधर भागने लगा और रास्ते में मिले लोगों पर हमला करता रहा। इसी क्रम में उर्मिला देवी और नीरज कुमार भी कुत्ते के हमले की चपेट में आ गए।अचानक हुए हमलों से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। लोग अपने बच्चों और मवेशियों को लेकर सतर्क हो गए।घटना के बाद ग्रामीणों ने कुत्ते को पकड़ने का प्रयास किया। लगातार हमलावर बने कुत्ते से लोगों में भय को देखते हुए ग्रामीणों ने लाठी-डंडों की मदद से उसे मार डाला।कुत्ते के काटने से घायल तीनों लोगों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हंटरगंज लाया गया।चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया और एहतियात के तौर पर एंटी रेबीज वैक्सीन भी लगाई। उपचार के बाद घायलों की स्थिति सामान्य बताई गई है।एक ही गांव में कम समय के भीतर तीन लोगों के कुत्ते के हमले का शिकार होने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से गांव में घूम रहे आवारा कुत्तों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।
बलुरी में आवारा कुत्ते का आतंक, एक घंटे में तीन ग्रामीणों को काटा, गांव में दहशत का माहौल
