-गयाजी से अमरेंद्र कुमार दिव्य दिनकर के लिए
-हर साल गयाजी आते थे पिंडदानियों को निशाना बनाने,भीड़ में पलक झपकते ही सामान,नकदी और जेवर पर करते थे हाथ साफ
गयाजी। पितृपक्ष मेला में देशभर से उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच पुलिस ने स्नैचिंग गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गयाजी पुलिस ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता से आए तेरह संदिग्धों को गिरफ्तार कर उनके कथित मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस के अनुसार,गिरफ्तार सभी लोग गिरोह से जुड़े हैं और पूछताछ में उन्होंने हर साल पितृपक्ष मेला के दौरान गया आने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक,गिरोह के सदस्य भीड़भाड़ वाले मेला क्षेत्रों में बाहर से आए पिंडदानियों और श्रद्धालुओं को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही उनके सामान, नकदी और आभूषण गायब कर देते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य केवल गया के पितृपक्ष मेले तक सीमित नहीं रहते, बल्कि जहां बड़े मेले और धार्मिक आयोजन होते हैं,वहां पहुंचकर भीड़ का फायदा उठाने की कोशिश करते हैं।
एक साथ 13 संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मेला क्षेत्र में चौकसी और बढ़ा दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह के तार गया में सक्रिय अन्य संदिग्धों से जुड़े हैं या नहीं और पूर्व में हुई घटनाओं में इनकी कोई भूमिका रही है या नहीं। पितृपक्ष मेले में लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पुलिस ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों,पिंडदान स्थलों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मेला क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। श्रद्धालुओं से भी नकदी,मोबाइल, आभूषण और अन्य कीमती सामान संभालकर रखने की अपील की गई है।
