-जमालपुर सदर बाजार के बीचोंबीच खुलेआम बिक रहे पटाखे, लोगों में दहशत
-खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ से दिनभर जाम से जूझता रहा शहर, रेंगते रहे वाहन
ब्यूरो चीफ, मुंगेर
जमालपुर(मुंगेर) : लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों और खरीदारी के बीच जमालपुर में खुलेआम पटाखों की दुकानें सज जाने से शहरवासी किसी अनहोनी की आशंका से खौफजदा नजर आए। शहर के प्रमुख सड़क सदर बाजार के बीचोंबीच दुकानें सजी हैं, जहां एक चिंगारी भी बड़ी घटना को आमंत्रण दे सकती है। स्थानीय लोगों मनोज और विजय ने कहा कि जिस तरह शहर के बीचोंबीच पटाखों की दुकानें लगी हैं, वह बेहद खतरनाक है। ऐसे दुकानदारों पर नगर प्रशासन को सख्त कार्रवाई करने की आवश्यकता है। छठ जैसे पर्व पर जब बाजार में पैर रखने की जगह नहीं होती, तब बीच बाजार में पटाखे बेचना नियमों की खुली अनदेखी है।
सुबह से देर शाम तक जाम से जूझता रहा शहर
शनिवार को जमालपुर और मुंगेर के प्रमुख बाजारों में लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। खरीदारों की भारी भीड़ के कारण शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। जमालपुर में सुबह से देर शाम तक शहर के प्रमुख सड़क सदर बाजार, स्टेशन रोड और चौक-चौराहों पर जाम की स्थिति बनी रही। इससे आम लोगों के साथ छोटे और बड़े वाहन चालकों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्टेशन रोड से जुवली चौक बाजार तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
इधर शहर के गोला रोड, गांधी चौक, पूरबसराय, चंदन बाग, पंडित दीनदयाल चौक, बेकापुर, चौक बाजार, महाकाल मंदिर और एसबीआई बैंक के समीप भी वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इन इलाकों में खरीदारों की भीड़ और वाहनों के दबाव के कारण आवागमन मुश्किल हो गया। खासकर दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को थोड़ी दूरी तय करने में भी काफी समय लग रहा था। कई जगहों पर वाहन रेंगते नजर आए। पैदल चलने वाले लोगों को भी जाम के बीच से रास्ता निकालना पड़ा।
दरअसल, छठ पर्व को लेकर लोग फल, सूप, दउरा, नारियल, ईख, पूजा सामग्री और अन्य जरूरी सामानों की खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। इसके कारण सामान्य दिनों की तुलना में बाजारों में कई गुना अधिक भीड़ देखी जा रही है। इधर, छठ को लेकर गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की भी घाटों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। बाजारों और गंगा घाटों की ओर एक साथ लोगों के पहुंचने से शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव और बढ़ गया है। इससे जाम की समस्या और गंभीर हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि छठ जैसे बड़े पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती जरूरी है। साथ ही बड़े वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि बाजार आने वाले खरीदारों और आम राहगीरों को परेशानी न हो। लोगों के मुताबिक, पर्व के दौरान बाजार और घाटों पर भीड़ बढ़ने के मद्देनजर प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन जरूरी है। इससे जाम की समस्या कम होगी और श्रद्धालुओं के साथ-साथ शहरवासियों को भी राहत मिल सकेगी।
