बांका। कटोरिया प्रखंड के जमदाहा ओपी क्षेत्र अंतर्गत करझौंसा मोदी टोला के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जमुई जिले के झाझा स्थित द्वार पहाड़ी निवासी 30 वर्षीय रविंद्र यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रविंद्र यादव बेलहर थाना क्षेत्र के फुलहारा गांव स्थित अपने ससुराल से बाइक पर सवार होकर ललमटिया कोयला खदान में ड्यूटी करने जा रहे थे। इसी दौरान करझौंसा मोदी टोला के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. दिलीप कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों की भीड़ जुट गई।
रविंद्र के ससुर देवेंद्र यादव ने बताया कि वह ललमटिया कोयला खदान में डंपर चालक के रूप में कार्यरत थे और उनकी नाइट ड्यूटी थी। वर्ष 2018 में रविंद्र की शादी उनकी बेटी ममता कुमारी से हुई थी। उनके दो बेटियां और एक बेटा है। रविंद्र के पिता विक्रम यादव भी कोलियरी से सेवानिवृत्त होने के बाद पश्चिम बंगाल के आसनसोल में रहते हैं।
हादसे की खबर मिलते ही रविंद्र की पत्नी और अन्य परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। पति की मौत से पत्नी और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
बांका कटोरिया संवाददाता श्रीकान्त यादव की रिपोर्ट
