एनटीपीसी की राख ढुलाई व्यवस्था पर उठे सवाल, जीपीएस से छेड़छाड़ और परिवहन एजेंसियों की कथित मिलीभगत की जांच की मांग
टंडवा (चतरा)। एनटीपीसी की फ्लाई ऐश (राख) ढुलाई व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। ग्रामीणों का आरोप है कि रात के अंधेरे में हाइवा से सिमरिया-चतरा मुख्य मार्ग के किनारे फ्लाई ऐश गिराई जा रही है। इससे सड़क पर महीन धूल फैल रही है, जो आसपास के लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए चिंता का विषय बन गई है।
सूत्रों के अनुसार, कुछ वाहन चालकों और मैकेनिकों की कथित मिलीभगत से जीपीएस सिस्टम में छेड़छाड़ किए जाने की आशंका है। आरोप है कि निर्धारित स्थल पर राख पहुंचाने के बजाय उसे रास्ते में ही सड़क किनारे गिरा दिया जाता है। इसके बाद वाहन निर्धारित रूट से गायब हो जाते हैं। हालांकि, इन आरोपों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फ्लाई ऐश परिवहन से जुड़ी रीफेक्स, विकास कोयल, शुभ लक्ष्मी परिवहन, जेपीडब्ल्यू, सीजे डार्सल, नकाश, ओम शारदा, राजगीर और एनएचएई गुमला समेत अन्य एजेंसियों की कार्यप्रणाली भी चर्चा में है। हालांकि, किसी भी एजेंसी की संलिप्तता को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे जमा राख वाहनों की आवाजाही से उड़कर आसपास के इलाकों में फैलती है। इससे सांस संबंधी बीमारियों और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ने की आशंका है। लोगों ने सवाल उठाया है कि यदि जीपीएस में छेड़छाड़ कर निर्धारित स्थल के बजाय रास्ते में ही राख गिराई जा रही है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?
जीपीएस और वजन पर्चियों की जांच की मांग
ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि वाहनों की जीपीएस हिस्ट्री, निर्धारित रूट, वजन पर्ची और वास्तविक डिलीवरी का मिलान कराया जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि राख तय स्थान तक पहुंचाई जा रही है या रास्ते में ही गिराई जा रही है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, एनटीपीसी प्रबंधन और प्रदूषण नियंत्रण विभाग से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना यह है कि औद्योगिक गतिविधियों से जुड़े इस मामले में जिम्मेदार अधिकारी कब संज्ञान लेते हैं और सड़क किनारे फ्लाई ऐश गिराने की शिकायतों पर क्या कार्रवाई होती है।
