नवीनगर रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध स्थिति में घूमते मिले किशोर-किशोरी, पूछताछ में घर से भागकर नई दिल्ली जाने की बात बताई
रिपोर्ट : प्रमोद कुमार सिंह
नवीनगर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए घर से भागकर नई दिल्ली जा रहे एक नाबालिग बालक और बालिका को बरामद किया है। दोनों को आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अग्रिम कार्रवाई के लिए चाइल्ड लाइन औरंगाबाद को सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को आरपीएफ पोस्ट नवीनगर के निरीक्षक प्रभारी नवीनगर अपने स्टाफ के साथ स्टेशन और यार्ड क्षेत्र में गश्त एवं अपराध निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर एक बालक और एक बालिका संदिग्ध स्थिति में इधर-उधर घूमते दिखाई दिए। आरपीएफ कर्मियों ने दोनों को रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में बालक ने अपना नाम राजीव कुमार (करीब 17 वर्ष), पिता राज बिहारी कहार और बालिका ने अपना नाम संध्या कुमारी (करीब 17 वर्ष), पिता राज कुंवर यादव बताया। दोनों ने अपना पता ग्राम कौशी, थाना टेकमा, जिला नवादा (बिहार) बताया।
आरपीएफ पोस्ट पर लाकर दोनों से सहयोगपूर्ण माहौल में पूछताछ की गई। इस दौरान उन्होंने बताया कि वे एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और घर से भागकर नई दिल्ली जा रहे थे। दोनों के नाबालिग होने के कारण मामले को ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत लेते हुए आरपीएफ ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दी। साथ ही, उनके बताए गए संपर्क नंबरों के माध्यम से परिजनों को भी जानकारी दी गई।
इसके बाद चाइल्ड लाइन औरंगाबाद की बाल कल्याण समिति की सदस्य उर्मिला देवी ने स्थानीय थाना नवीनगर के बाल कल्याण अधिकारी से समन्वय स्थापित कर दोनों नाबालिगों को बाल कल्याण समिति औरंगाबाद लाने का निर्देश दिया।
आरपीएफ ने स्थानीय थाना नवीनगर के सहयोग से आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। लिखित सुपुर्दगीनामा तैयार करने और फोटोग्राफी कराने के बाद दोनों नाबालिगों को आगे की कार्रवाई के लिए चाइल्ड लाइन औरंगाबाद के हवाले कर दिया गया।
