चायपानी मोड़ के पास स्टोन चिप्स लदे ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
शिकारीपाड़ा/दुमका। दुमका-रामपुरहाट मुख्य मार्ग (NH-114A) पर शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के चायपानी मोड़ के समीप रविवार को दर्दनाक सड़क हादसे में इंटर के छात्र आमिर सोरेन की मौत हो गई। वह पातपहाड़ी गांव का रहने वाला था। आमिर अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, आमिर अपनी स्कूटी से किसी जरूरी काम से शिकारीपाड़ा बाजार आया था। बाजार से घर लौटने के दौरान चायपानी मोड़ के पास स्टोन चिप्स लदे एक ट्रक ने उसकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जाता है कि ट्रक अनियंत्रित गति से आ रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आमिर ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी।
हादसे की सूचना मिलते ही शिकारीपाड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल छात्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इकलौते बेटे को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस घटना ने एक बार फिर मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
