शिकारीपाड़ा/दुमका। दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नौपहाड़ के पास जंगल से पुलिस ने एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया है। मृतका की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के आसपास प्रतीत हो रही है और अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उसके हुलिए और कपड़ों का विवरण जारी किया गया है। पुलिस के अनुसार महिला ने पीले रंग का कुर्ता, काले रंग का पाजामा, काले रंग का दुपट्टा और पैरों में भूरे रंग की फीते वाली सैंडल पहन रखी है।
शिकारीपाड़ा थाना पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति इस महिला को पहचानता है या इसके संबंध में कोई जानकारी रखता है, तो वह तुरंत शिकारीपाड़ा थाना से संपर्क कर सहयोग करें, ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।
शिकारीपाड़ा के नौपहाड़ के पास जंगल से अज्ञात महिला का शव बरामद, पहचान में जुटी पुलिस
