Skip to main content

Birsa Times

निशा भगत आत्महत्या मामले में सीबीआइ ने दर्ज की एफआइआर, अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा नामजद आरोपी

निशा भगत आत्महत्या मामले में सीबीआइ ने दर्ज की एफआइआर, अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा नामजद आरोपी

दिल्ली सीबीआइ की अपराध शाखा ने री-रजिस्टर किया केस, रांची में अजय तिर्की के पहाड़ी मंदिर स्थित आवास पर टीम ने की छानबीन
रांची। चर्चित आदिवासी नेत्री निशा भगत आत्महत्या मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दिल्ली सीबीआइ की विशेष अपराध शाखा-1 में दर्ज एफआइआर में केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की और आदिवासी नेत्री ज्योत्सना केरकेट्टा को नामजद आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा कुछ अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। सीबीआइ ने पिठौरिया थाने में दर्ज मूल प्राथमिकी को री-रजिस्टर कर जांच अपने हाथ में ली है। सोमवार को सीबीआइ की टीम ने रांची के पहाड़ी मंदिर स्थित अजय तिर्की के आवास पर पहुंचकर छानबीन की और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाये।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की थी सीबीआइ जांच की सिफारिश

निशा भगत की आत्महत्या के बाद यह मामला राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया था। आत्महत्या से पहले फेसबुक लाइव के दौरान निशा भगत ने कई गंभीर आरोप लगाये थे। घटना की गंभीरता और लाइव वीडियो में सामने आये आरोपों को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की सीबीआइ जांच की सिफारिश की थी। इसके बाद दिल्ली सीबीआइ की विशेष अपराध शाखा ने मामले की जांच शुरू की है।

अजय तिर्की के आवास पर पहुंची सीबीआइ की टीम

सोमवार को सीबीआइ के करीब आधा दर्जन अधिकारियों की टीम रांची के पहाड़ी मंदिर स्थित अजय तिर्की के आवास पहुंची। अधिकारियों ने आवास के भीतर विभिन्न पहलुओं की जांच की और निशा भगत द्वारा लगाये गये आरोपों से संबंधित संभावित साक्ष्य जुटाये। टीम ने मामले से जुड़े तथ्यों और दस्तावेजों की भी पड़ताल की।

सीबीआइ की इस कार्रवाई को निशा भगत के फेसबुक लाइव में सामने आये आरोपों और उनकी मौत से जुड़े घटनाक्रम की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, आवास पर की गयी छानबीन के संबंध में जांच एजेंसी की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आयी है।

फेसबुक लाइव के बाद निशा भगत ने लगा ली थी फांसी

बता दें कि छह नवंबर 2026 को रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र के डहू टोली स्थित अपने आवास पर निशा भगत ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इससे पहले वह फेसबुक लाइव पर आयी थीं। लाइव वीडियो में रोते हुए उन्होंने अपनी परेशानियां साझा की थीं और जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों पर कथित प्रताड़ना के आरोप लगाये थे।

उन्होंने पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाये थे। आत्महत्या से पहले निशा भगत ने पिठौरिया थाना प्रभारी को फोन कर अपनी परिस्थितियों की जानकारी दी थी। आरोप है कि थाना प्रभारी ने उन्हें थाने बुलाने की बात कहकर फोन काट दिया था।

फेसबुक लाइव के दौरान निशा भगत ने अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा का नाम लेते हुए कई गंभीर आरोप लगाये थे। अब सीबीआइ इन्हीं आरोपों और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पिता ने दर्ज करायी थी प्राथमिकी, आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप

निशा भगत की मौत के बाद उनके पिता हंदू भगत की शिकायत पर पिठौरिया थाने में प्राथमिकी संख्या 114/2026 दर्ज की गयी थी। शिकायत में केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की, आदिवासी नेत्री ज्योत्सना केरकेट्टा और अन्य लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गयी थी।

हंदू भगत ने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी को बदनाम और प्रताड़ित किया गया, जिसके कारण उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में कार्रवाई की मांग की थी।

इसी प्राथमिकी को सीबीआइ ने दिल्ली में री-रजिस्टर किया है। अब जांच एजेंसी मामले से जुड़े आरोपों, डिजिटल साक्ष्यों, फेसबुक लाइव वीडियो और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की पड़ताल करेगी। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *