Skip to main content

Birsa Times

चतरा के इटखोरी में भीषण अग्निकांड: शॉर्ट सर्किट से होटल और घर का सामान जलकर राख, लाखों का नुकसान

चतरा के इटखोरी में भीषण अग्निकांड: शॉर्ट सर्किट से होटल और घर का सामान जलकर राख, लाखों का नुकसान

संवाददाता संतोष कुमार दास
इटखोरी (चतरा)।
इटखोरी प्रखंड के नगवां चौक के समीप शनिवार देर रात एक होटल में भीषण आग लग गई। इस घटना में होटल और घर का सामान जलकर राख हो गया। आग से लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

होटल संचालक मिथलेश दांगी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10:30 बजे अचानक होटल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। होटल में रखा फ्रिज, मोटरसाइकिल, मिठाई, चावल, आटा, आलू, प्याज, तेल सहित अन्य सामान आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया। आग होटल से फैलकर उनके घर के एक कमरे तक पहुंच गई, जहां रखा सामान भी जल गया।

घटना की सूचना मिलते ही इटखोरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में जुट गए। पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने आसपास के घरों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका।

चार गैस सिलेंडर रखे थे होटल में
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय होटल में चार गैस सिलेंडर रखे हुए थे। इनमें से दो सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। बाकी सिलेंडरों को लेकर भी लोगों में भय बना रहा। हालांकि, राहत की बात रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

छठ पूजा की तैयारी के बीच हुई घटना
घटना के समय होटल संचालक के घर में छठ पूजा की तैयारियां चल रही थीं। अचानक आग लगने से परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। अगलगी में होटल संचालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। पीड़ित मिथलेश दांगी ने प्रशासन से घटना की जांच कराने और नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *