-विद्यापीठ चौक पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई
-30 लाख की शराब जब्त, चालक गिरफ्तार
-रंजीत कुमार विद्यार्थी
लखीसराय (मुंगेर) : बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, लेकिन तस्कर बाज नहीं आ रहे हैं। अब तस्करों ने शराब की तस्करी के लिए नया तरीका ढूंढ लिया है। डाक पार्सल सेवा की आड़ में विदेशी शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही थी, जिसे लखीसराय उत्पाद विभाग की टीम ने पकड़ लिया। कार्रवाई में 241 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई है, जिसकी बाजार कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी जा रही है।
मामला मुंगेर प्रमंडल अंतर्गत लखीसराय जिलें के विद्यापीठ चौक के पास का है। उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वैन जो डाक पार्सल वैन के रूप में चल रही है, उसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब लेकर लखीसराय के रास्ते सीतामढ़ी की ओर जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने विद्यापीठ चौक के पास घेराबंदी कर दी।
कुछ देर बाद संदिग्ध वाहन आते ही उसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस भी हैरान रह गई, क्योंकि वैन के अंदर डाक पार्सल के नाम पर 241 कार्टन विदेशी शराब लदी हुई थी। पुलिस ने तुरंत शराब जब्त कर वाहन को कब्जे में ले लिया।
मौके से पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार चालक की पहचान पटना जिले के दुल्हिन बाजार निवासी नीरज कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान चालक ने बताया कि उसे यह खेप सीतामढ़ी में डिलीवरी करनी थी। उसे यह नहीं पता कि शराब कहां से लोड की गई थी, उसे सिर्फ पहुंचाने के लिए कहा गया था।
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि तस्कर पुलिस की नजर से बचने के लिए डाक पार्सल वैन का इस्तेमाल कर रहे हैं, ताकि चेकिंग के दौरान शक न हो। लेकिन उत्पाद विभाग की सक्रियता के कारण यह खेप पकड़ी गई। बरामद शराब और वाहन को उत्पाद थाना लाया गया है।
पुलिस अब इस गिरोह के पीछे जुड़े बड़े तस्करों की तलाश में जुट गई है। शराब कहां से लाई गई, किसने भेजी और सीतामढ़ी में किसे डिलीवरी दी जानी थी, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। चालक के मोबाइल कॉल डिटेल्स भी खंगाले जा रहे हैं।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद उत्पाद विभाग ने जिले में चल रहे शराब तस्करी के नेटवर्क पर और सख्ती बढ़ा दी है। उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि ऐसे तस्करों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
डाक पार्सल की आड़ में शराब तस्करी का बड़ा खेल, लखीसराय में 241 कार्टन विदेशी शराब बरामद
