Skip to main content

Birsa Times

सोशल मीडिया बना फरिश्ता, भटके दो मासूम सकुशल परिजनों से मिले

सोशल मीडिया बना फरिश्ता, भटके दो मासूम सकुशल परिजनों से मिले

सामाजिक कार्यकर्ता आमिर भाई की पोस्ट से मिली बच्चों की लोकेशन, कासिम बाजार थाना पुलिस ने परिजनों को सौंपा
-तीन-चार दिनों में तीन बिछड़े बच्चों को परिवार से मिलाने में मिली सफलता, अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील
मुंगेर।
सोशल मीडिया का सकारात्मक इस्तेमाल किस तरह किसी के लिए मददगार साबित हो सकता है, इसकी मिसाल मुंगेर में देखने को मिली। घर से भटक गए दो मासूम बच्चों को सामाजिक कार्यकर्ता आमिर भाई की पहल और सोशल मीडिया पोस्ट की मदद से सकुशल उनके परिजनों तक पहुंचा दिया गया। दोनों बच्चों को कासिम बाजार थाना में उनके परिवार वालों के सुपुर्द किया गया। बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और उनकी आंखें खुशी से भर आईं।

मिली जानकारी के अनुसार, कासिम बाजार निवासी सब्जी विक्रेता इल्ताफ का साढ़े तीन साल का बच्चा और उनके रिश्तेदार का पांच वर्षीय बच्चा, जो कोलकाता से मुंगेर आया हुआ था, खेलते-खेलते घर से भटक गए थे। सुबह से ही परिजन दोनों बच्चों की तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल रहा था।

इसी बीच बच्चों के लापता होने की जानकारी सामाजिक कार्यकर्ता आमिर भाई को मिली। उन्होंने बिना देर किए दोनों बच्चों की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा कर दी। पोस्ट देखने के बाद एक युवक ने सूचना दी कि दोनों बच्चों को बिंदवारा हवाई अड्डा के आसपास देखा गया है।

सूचना मिलने पर आमिर भाई ने बच्चों को कासिम बाजार थाना पहुंचाने की अपील की। इसके बाद परिजनों ने थाना से संपर्क किया और दोनों बच्चों को सकुशल अपने साथ घर ले गए।

तीन-चार दिनों में तीन बच्चों को परिजनों से मिलाया

सामाजिक कार्यकर्ता आमिर भाई ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों में उनकी पहल से तीन भटके हुए बच्चों को उनके परिजनों तक पहुंचाने में सफलता मिली है। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि अभिभावकों को बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए। बच्चे कहां जा रहे हैं और किसके साथ हैं, इसकी जानकारी रखना जरूरी है। बच्चों को घर से बहुत दूर अकेले नहीं जाने देना चाहिए। उन्हें प्यार से समझाना चाहिए कि अनजान लोगों के साथ जाने और बिना बताए घर से बाहर निकलने में खतरा हो सकता है।

आमिर भाई ने बच्चा चोरी की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। बच्चों को डराने-धमकाने के बजाय उन्हें जागरूक करना जरूरी है।

भागलपुर स्टेशन के पास मिली मानसिक रूप से कमजोर लड़की

आमिर भाई ने बताया कि उनकी सोशल मीडिया पोस्ट की मदद से एक अन्य मानसिक रूप से कमजोर लड़की भी सकुशल मिली है। वह मिर्जापुर बरधर की रहने वाली है और भागलपुर स्टेशन के पास बरामद हुई।

सामाजिक कार्यकर्ता की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। बच्चों के परिजनों ने आमिर भाई और कासिम बाजार थाना प्रभारी के प्रति आभार जताते हुए धन्यवाद दिया।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *