-शंकरपुर घाट पर स्नान के दौरान गहरे पानी में समाए दो किशोर
-एक को मौत के मुंह से खींच लाए गोताखोर
-सर्च ऑपरेशन, घाट पर पसरा सन्नाटा
-रंजीत विद्यार्थी
मुंगेर। लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के बीच बिहार के मुंगेर में दर्दनाक हादसा हो गया। नहाय-खाय के दिन गंगा स्नान करने गए दो किशोर शंकरपुर गंगा घाट पर डूबने लगे। इस घटना से घाट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए एक किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरा किशोर गंगा की तेज धारा में लापता हो गया। उसकी तलाश में SDRF और NDRF की टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शंकरपुर गंगा घाट की है। डूबने वाले किशोरों की पहचान रमन कुमार और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों सुबह गंगा स्नान करने घाट पहुंचे थे। छठ पर्व को लेकर घाट पर श्रद्धालुओं की आवाजाही थी। इसी दौरान स्नान करते-करते दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
गोताखोरों ने एक किशोर को बचाया
दोनों किशोरों को पानी में डूबता देखकर घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों ने तुरंत गंगा में छलांग लगाई। काफी मशक्कत के बाद प्रिंस कुमार को पानी से बाहर निकाल लिया गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, रमन कुमार का कोई सुराग नहीं मिल सका।
SDRF और NDRF की टीम चला रही सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस, SDRF और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। बोट और गोताखोरों की मदद से गंगा में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया। देर रात तक रमन की तलाश जारी रही, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के बाद घाट पर लापता किशोर रमन के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन लगातार उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं। छठ पर्व की खुशियों के बीच इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है।
छठ घाटों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद छठ घाटों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नहाय-खाय और खरना के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। इसके बावजूद गहरे पानी वाले स्थानों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग और सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था जरूरी है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे गहरे पानी में जाने से बचें और बच्चों को अकेले नदी में स्नान न करने दें। फिलहाल रमन की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।
