-एसपी ने दिखाया सख्त तेवर, एफआईआर में गड़बड़ी पर गिरी गाज
-अब तक कुल 9 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
-विभाग की छवि धूमिल करने का आरोप
रंजीत विद्यार्थी
मुंगेर : जिले में शराब से जुड़े एक मामले में पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। विभाग में अनुशासन और निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से एसपी ने मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेश कुमार -2 समेत कुल 7 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई डीएसपी मुख्यालय अर्जुन गुप्ता द्वारा सौंपी गई विस्तृत जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। जांच टीम ने मुफस्सिल थाने में पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की गहनता से पड़ताल की, थाने में रखे अभिलेखों को खंगाला और छापेमारी में शामिल सभी पुलिसकर्मियों से अलग-अलग पूछताछ की।
प्राथमिकी में तथ्यों से छेड़छाड़ का आरोप
जांच में सामने आया कि शराब मामले में प्राथमिकी दर्ज करते समय तथ्यों में जानबूझकर गड़बड़ी की गई थी। जांच के दौरान मुफस्सिल थाने के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की संलिप्तता के ठोस साक्ष्य मिले। इसके बाद एसपी के निर्देश पर थानाध्यक्ष राजेश कुमार -2 के अलावा छह अन्य कर्मियों को निलंबित किया गया। निलंबित होने वालों में सिपाही मन्नु कुमार, क्यूआरटी हसनपुर के सिपाही प्रशांत कुमार, निलेश कुमार पासवान, सूरज कुमार, विनोद सिंह यादव और चौकीदार कृष्णदेव पासवान शामिल हैं।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि इस कार्रवाई से पहले भी इसी मामले में 26 सितंबर को दो पुलिस अवर निरीक्षकों राजेश कुमार शर्मा और नुरैन अंसारी को निलंबित किया जा चुका था। सर्किल इंस्पेक्टर की जांच रिपोर्ट में दोनों को दोषी पाया गया था। इस प्रकार मुफस्सिल थाने से जुड़ी इस शराब कार्रवाई में लापरवाही और संलिप्तता के आरोप में अब तक कुल 09 पुलिसकर्मियों पर गाज गिर चुकी है।
शराबबंदी में ढिलाई बर्दाश्त नहीं : एसपी
मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए एसपी सैयद इमरान मसूद ने स्पष्ट किया कि संपूर्ण बिहार में शराबबंदी कानून लागू है और इसके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों की इस प्रकार की संलिप्तता से पूरे पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई है, इसलिए दोषियों के खिलाफ यह कठोर कदम उठाया गया है।
एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। उन्होंने साफ संदेश दिया है कि जो भी पुलिसकर्मी कानून का उल्लंघन करेगा या गलत कार्य में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
शराब कांड से जुड़े दोनों मामले का पिछले दिनों सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए एसपी ने इस मामले में मुफस्सिल अंचल इंस्पेक्टर तथा मुख्यालय डीएसपी को जांच का जिम्मा सौंपा था। जांच प्रतिवेदन के आधार पर एसपी ने सख्त कार्रवाई की।
