Skip to main content

Birsa Times

पुलिस दबिश से घबराए चोर, 20 लाख के चोरी के जेवर घर के बाहर फेंककर फरार

पुलिस दबिश से घबराए चोर, 20 लाख के चोरी के जेवर घर के बाहर फेंककर फरार

-रिपोर्ट – प्रमोद कुमार सिंह
ओबरा (बिहार)।
ओबरा थाना क्षेत्र में बीते बुधवार को हुई करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी की घटना में पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने रंग दिखाया है। पुलिस के बढ़ते दबाव और लगातार छापेमारी के डर से चोरों ने चोरी किए गए सभी जेवरात पीड़ित के घर के बाहर फेंककर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पर मामले को गंभीरता से देखते हुए ओबरा थाना पुलिस ने घटना के तुरंत बाद एक्शन लिया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का भौतिक निरीक्षण किया और वादी (पीड़ित) से गहन पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी। इधर लगातार चलाये जा रहे छापेमारी अभियान और कड़े पुलिसिया तेवरों के कारण अपराधियों में गिरफ्तारी का खौफ पैदा हो गया। अंततः खुद को घिरता देख चोरों ने चोरी किए गए 20 लाख रुपये मूल्य के सभी जेवरात वादी के घर के बाहर फेंक भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर फेंके गए सभी सोने-चांदी के जेवरातों को सकुशल बरामद कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि माल भले ही बरामद हो गया हो लेकिन पुलिस इस मामले को यहीं बंद करने के मूड में नहीं है। थानाध्यक्ष का कहना है कि घटना में शामिल अज्ञात चोरों की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करते हुए उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *