दो दिनों से अंधेरे में था पश्चिम टोला, बिजली आपूर्ति बहाल होने पर ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
महेशपुर (पाकुड़)। महेशपुर प्रखंड के बोढ़हा गांव स्थित पश्चिम टोला में पिछले दो दिनों से जारी बिजली संकट दूर हो गया है। झामुमो केंद्रीय समिति की सदस्य उपासना मरांडी की पहल पर जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर लगाया गया। इसके बाद इलाके में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पश्चिम टोला के ग्रामीण पिछले दो दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर थे। बिजली नहीं रहने से लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की समस्या की जानकारी मिलने के बाद उपासना मरांडी ने त्वरित पहल की और संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर नया ट्रांसफार्मर लगवाने का प्रयास किया।
नया ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद बिजली आपूर्ति शुरू हो गई। इससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। बिजली बहाल होने पर ग्रामीणों ने उपासना मरांडी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जरूरत के समय समस्या के समाधान के लिए की गई उनकी पहल सराहनीय है।
इस दौरान प्रखंड संगठन सचिव मो. असद, मो. शामशाद सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।
सुस्मित तिवारी, ब्यूरो पाकुड़
