-किऊल जंक्शन पर हादसे में गईं जान, शव पहुंचते ही परिजनों में मचा कोहराम
ब्यूरो चीफ, मुंगेर
हवेली खड़गपुर(मुंगेर): नगर के पश्चिम अजीमगंज निवासी युवक की किऊल जंक्शन पर ट्रेन पर चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार पश्चिम अजीमगंज निवासी फल विक्रेता राजू चौधरी का 24 वर्षीय युवक सूरज कुमार चौधरी किऊल जंक्शन पर इलेक्ट्रिसिटी मेंटेनेंस से संबंधित कार्य के लिए गया था। ड्यूटी पूरी करने के बाद वह टाटा-बक्सर ट्रेन से गया जाने के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान ट्रेन पर चढ़ते समय उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन के नीचे आ गया। दुर्घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। हादसे के बाद रेलवे पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मंगलवार की सुबह एंबुलेंस से मृतक युवक का शव पश्चिम अजीमगंज स्थित उसके घर पहुंचाया। शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। बेटे का शव देखते ही माता-पिता और अन्य परिजन के साथ मोहल्लेवासी स्तब्ध है। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। मृतक सूरज कुमार चौधरी आईटीआई से इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में प्रशिक्षण लिया था। वह दानापुर मंडल में निजी क्षेत्र की एक कंपनी के माध्यम से ठेकेदार के अधीन इलेक्ट्रिशियन हेल्पर के रूप में कार्यरत था। मृतक दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसके पिता राजू चौधरी फल बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते है। जवान बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ट्रेन पर चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से पश्चिम अजीमगंज के युवक की मौत
