Skip to main content

Birsa Times

काली प्रतिमा विसर्जन के दौरान खूनी संघर्ष, छत से चली गोली से 16 वर्षीय किशोर घायल; दो गिरफ्तार

काली प्रतिमा विसर्जन के दौरान खूनी संघर्ष, छत से चली गोली से 16 वर्षीय किशोर घायल; दो गिरफ्तार

सोने की चेन और 10 हजार रुपये छीनने का भी आरोप, पुलिस ने राइफल, अवैध हथियार और कारतूस किए बरामद
मुंगेर।
बिहार के मुंगेर जिले के सफियासराय थाना क्षेत्र के हलीमपुर गांव में काली प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मंगलवार देर रात हुई इस घटना में छत से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिसमें विसर्जन देखकर लौट रहे 16 वर्षीय किशोर गुड्डू कुमार को गोली लग गई। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

घायल किशोर की पहचान धीरेंद्र मंडल के पुत्र गुड्डू कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गुड्डू अपने छोटे भाई प्रिंस और दोस्तों के साथ मां काली की प्रतिमा का विसर्जन देखने गया था। इसी दौरान प्रिंस और गांव के आदित्य कुमार तथा उसके चाचा राहुल कुमार के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने छत से गाली-गलौज करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली गुड्डू के दाहिने पैर में लग गई। घायल किशोर ने आरोप लगाया कि आदित्य लाइसेंसी राइफल से गोली चला रहा था, जबकि राहुल कुमार डंडे से मारपीट कर रहा था।

गोली लगने के बाद परिजन गुड्डू को सफियासराय स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मुंगेर सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने सदर अस्पताल में घायल का फर्दबयान दर्ज किया। बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घायल के बयान के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 159/26 दर्ज किया है।

महिला ने भी लगाया मारपीट और छिनतई का आरोप

इसी घटना को लेकर दूसरे पक्ष की ओर से भी सफियासराय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। हलीमपुर गांव निवासी विजय आनंद की पत्नी सुधा देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 10 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे काली प्रतिमा विसर्जन के दौरान कुछ लोगों ने साजिश के तहत उनके परिवार पर हमला किया।

सुधा देवी के अनुसार, आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान उनके पति के गले से करीब 10 ग्राम वजन की सोने की चेन और 10 हजार रुपये नकद छीन लिए गए। उन्होंने परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

आवेदन में पिंकु कुमार, पिता राज किशोर मंडल समेत आठ लोगों को नामजद किया गया है। इसके अलावा तीन अज्ञात लोगों के भी घटना में शामिल होने की बात कही गई है। सुधा देवी ने वर्ष 2003 की एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए परिवार की सुरक्षा की मांग की है। उनके बयान पर भी आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने राइफल, अवैध हथियार और कारतूस किए बरामद

घटना की सूचना मिलते ही एसपी सैयद इमरान मसूद, सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक लाइसेंसी राइफल, एक अवैध हथियार, छत से चार खोखे और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। एसपी के निर्देश पर एसएफएल की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।

एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आदित्य कुमार और धीरेंद्र मंडल के पुत्र गुड्डू कुमार के बीच करीब डेढ़ महीने से विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई। इसी दौरान हुई फायरिंग में गुड्डू घायल हो गया।

राहुल कुमार और पुष्कर आनंद गिरफ्तार

एसपी के अनुसार, मामले में राहुल कुमार और उनके भांजे पुष्कर आनंद को गिरफ्तार किया गया है। थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार राहुल कुमार और पुष्कर आनंद को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस शेष नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। वहीं, घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। त्योहार के दौरान हुई गोलीबारी और मारपीट की घटना से गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *