Skip to main content

Birsa Times

बालूमाथ में 40 टन कोयला लदा संदिग्ध ट्रक जब्त, अवैध कारोबार की आशंका

बालूमाथ में 40 टन कोयला लदा संदिग्ध ट्रक जब्त, अवैध कारोबार की आशंका

सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, ट्रक चालक मौके से गायब; कोयले के दस्तावेजों और वाहन मालिक की जांच शुरू

बालूमाथ। लातेहार जिले के बालूमाथ मुख्यालय में पुराने पेट्रोल पंप के समीप लावारिस अवस्था में खड़े कोयला लदे ट्रक को सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने जब्त किया है। ट्रक में करीब 40 टन कोयला लदा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि कोयले का अवैध कारोबार और परिवहन किया जा रहा था।

संयुक्त जांच अभियान में मिला संदिग्ध ट्रक

जानकारी के अनुसार, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कमांडेंट केके वानखेम और बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा के नेतृत्व में संयुक्त जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुराने पेट्रोल पंप के समीप एक ट्रक संदिग्ध हालत में खड़ा मिला।

जांच करने पर ट्रक में भारी मात्रा में कोयला लदा पाया गया। हालांकि, मौके पर ट्रक में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसके बाद संयुक्त टीम ने ट्रक को जब्त कर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया।

कोयले की वैधता और दस्तावेजों की जांच

फिलहाल पुलिस कोयले की वैधता, परिवहन से संबंधित दस्तावेजों और वाहन के स्वामित्व की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर वाहन मालिक और इस कारोबार में संलिप्त अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार और बिना वैध दस्तावेजों के खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

संवाददाता: राम कुमार

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *