चतरा में पदस्थापित PWD के SDO पर जमीन कब्जाने के लिए बाउंसर बुलाने का आरोप, बरहेट के सिमलढाब गांव में हुई थी मारपीट
अजय कुमार कुशवाहा | ब्यूरो
साहेबगंज। बरहेट थाना क्षेत्र के सिमलढाब गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में साहेबगंज पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक बाउंसर एजेंसी का मालिक भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, चतरा में पदस्थापित लोक निर्माण विभाग (PWD) के एसडीओ जोन चुण्डा हांसदा पर अपनी निजी जमीन पर कब्जा करने के लिए बाउंसर बुलाने का आरोप है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
17 नवंबर को जमीन विवाद में हुई थी मारपीट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 17 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे सिमलढाब गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इस मामले में गांव के निवासी मोहन सोरेन, पिता फाटे सोरेन के आवेदन पर बरहेट थाना में कांड संख्या 139/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
प्राथमिकी में जोन चुण्डा हांसदा समेत पांच नामजद और दस अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया था।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। इसी दौरान 20 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि सिमलढाब गांव में दोबारा बाउंसर आने वाले हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव में घेराबंदी की और गोड्डा जिले के गंगटा चौक निवासी शिवम कुमार (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया। शिवम पर ‘अल्फा बाउंसर एजेंसी’ का मालिक होने की जानकारी दी गई है। उसके साथ गोड्डा जिले के चकेश्वरी निवासी बाउंसर अनिल कुमार मिश्रा (32 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया गया।
दोनों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने साहेबगंज के कॉलेज रोड से पियूष कुमार (20 वर्ष) तथा गोड्डा जिले के दियारा निवासी ललन कुमार सिंह और ब्लॉक फील्ड निवासी सुधांशु रंजन को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में एजेंसी मालिक ने बताई बाउंसर बुलाने की बात
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में एजेंसी मालिक शिवम कुमार ने बताया कि वह पैसे लेकर सुरक्षा उपलब्ध कराने का काम करता है। उसके पास एक लाइसेंसी एयर गन भी है और उसके अधीन करीब 18 से 20 युवक काम करते हैं।
पुलिस के मुताबिक, शिवम ने पूछताछ में बताया कि चतरा में पदस्थापित PWD के एसडीओ जोन चुण्डा हांसदा ने अपनी निजी जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से उससे संपर्क किया था। इसी सिलसिले में 17 नवंबर को वह अपने बाउंसरों के साथ सिमलढाब गांव पहुंचा था। हालांकि, पुलिस के आने की भनक लगने पर वे मौके से फरार हो गए थे।
छापेमारी दल में ये अधिकारी थे शामिल
इस कार्रवाई में बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, बरहेट थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया, पुलिस अवर निरीक्षक शंभु शंकर सिंह, सहायक अवर निरीक्षक विक्रम कुमार, जितेंद्र मरांडी समेत बरहेट थाना के सशस्त्र बल और चौकीदार शामिल थे।
पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
