कोलकाता। 15 साल तक पश्चिम बंगाल की सत्ता में रहनेवाली तृणमूल कांग्रेस अब दो फाड़ हो चुकी है। एक तरफ बागी गुट ने खुद को असली टीएमसी होने का दावा करते हुए ममता बनर्जी को पार्टी पद से हटा दिया है, तो दूसरी तरफ ममता बनर्जी ने निर्वाचन आयोग के पास जमा करायी गयी सूची में खुद को पार्टी का अध्यक्ष बताया है। ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में अपनी राहें अलग करने वाले बागी गुट ने अलग अध्यक्ष की घोषणा की है। बागी विधायकों ने ममता बनर्जी की जगह अरूप रॉय को तृणमूल कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग को भेजी सूची में पदाधिकारियों और राष्ट्रीय कार्य समिति के सदस्यों की सूची साझा की। इस सूची में ममता बनर्जी अध्यक्ष, सुब्रत बख्शी उपाध्यक्ष और अभिषेक बनर्जी राष्ट्रीय महासचिव हैं। डेरेक ओ’ब्रायन और डोला सेना संयुक्त सचिव जबकि सुभाशीष चक्रवर्ती कोषाध्यक्ष हैं। ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग को 24 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यसमिति की जानकारी दी।
विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने अरूप रॉय को नया पार्टी अध्यक्ष घोषित किया। उन्होंने अभिषेक बनर्जी को पार्टी से निलंबित करने की भी घोषणा की। उन्होंने ममता बनर्जी से संरक्षक की भूमिका निभाने का आग्रह किया। ऋतब्रत बनर्जी ने 30 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यसमिति का भी एलान किया। इस समिति में फिरहाद हकीम, अरूप बिस्वास, रथिन घोष, सबीना यास्मीन और ऋतब्रत बनर्जी सहित 29 अन्य सदस्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वे ममता बनर्जी को संरक्षक के रूप में देखना चाहते हैं।
ममता बनर्जी ने बागियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अरूप रॉय, फिरहाद हाकिम समेत आठ लोगों को पार्टी निष्कासित कर दिया है। तृणमूल कांग्रेस से निकाले गए नेताओं में जावेद अहमद खान, फिरहाद हकीम, अरूप रॉय, रथिन घोष, बिप्लब मित्रा, सबीना यास्मीन, अरूप बिस्वास और स्नेहाशीष चक्रवर्ती शामिल हैं। इससे पहले टीएमसी ने इन सभी नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट ने पार्टी के भीतर नयी संगठनात्मक संरचना बनाने का एलान किया था।
