Skip to main content

Birsa Times

संग्रामपुर थाना पुलिस को मिली बड़ी सफलता! 356 कार्टन विदेशी शराब किया बरामद, हाइवा जब्त, हिरासत में चालक

संग्रामपुर थाना पुलिस को मिली बड़ी सफलता! 356 कार्टन विदेशी शराब किया बरामद, हाइवा जब्त, हिरासत में चालक

-हाइवा में फर्जी नंबर प्लेट लगा गिट्टी के नीचे छिपाकर झारखण्ड से समस्तीपुर ला रहे थे 3,168 लीटर शराब
-झारखंड से समस्तीपुर जा रही थी खेप
-रंजीत विद्यार्थी
मुंगेर :
मुंगेर पुलिस को गुरुवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए संग्रामपुर थाना पुलिस ने हाईवे ट्रक सेकुल से 356 कार्टन शराब बरामद किया और हाइवा को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया हैं । बताते चले कि
संग्रामपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गिट्टी के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही विदेशी शराब की बड़ी खेप पकड़ी। पुलिस ने शराब लदे 10 चक्का हाइवा को जब्त करते हुए उसके चालक को हिरासत में लिया है। हाइवा के ऊपर गिट्टी लदी थी, जबकि उसके नीचे शराब के कार्टन छिपाकर रखे गए थे। बरामद शराब की मात्रा 3,168 लीटर बताई गई है। पुलिस के अनुसार शराब की खेप झारखंड से लाकर समस्तीपुर ले जाई जा रही थी।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तारापुर विधानसभा क्षेत्र में पुलिस की गश्ती पहले से तेज थी। इसी दौरान संग्रामपुर पुलिस को सूचना मिली कि झारखंड से शराब की बड़ी खेप हाइवा के माध्यम से संग्रामपुर होकर गुजरने वाली है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने संग्रामपुर बाजार से गंगटा की ओर जाने वाली सड़क पर तीन बटिया के आगे संदिग्ध 10 चक्का हाइवा को रोक लिया। हाइवा पर BR 10W 3893 नंबर अंकित था।
पुलिस ने चालक से गिट्टी का चालान मांगा। चालक द्वारा प्रस्तुत चालान की जांच में पुलिस को वह संदिग्ध और फर्जी मिला। इसके बाद हाइवा को चालक समेत थाना लाया गया। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच करने पर पुलिस को जानकारी मिली कि इसी नंबर का एक वाहन झारखंड के एक थाने में अवैध गिट्टी ढुलाई के मामले में जब्त है। इसके बाद हाइवा पर अंकित नंबर के फर्जी होने का संदेह और पुख्ता हो गया।

पुलिस ने हाइवा पर लदी गिट्टी हटाकर तलाशी ली तो नीचे शराब के कार्टन मिले। तलाशी में ओल्ड हैबिट व्हिस्की की 180 एमएल की 100 कार्टन, 350 एमएल की 148 कार्टन और 750 एमएल की 108 कार्टन बरामद हुई। कुल 356 कार्टन में 3,168 लीटर शराब जब्त की गई। पुलिस ने हाइवा चालक फेकू यादव, निवासी बुढ़ई, देवघर (झारखंड), को हिरासत में लिया है। पूछताछ में चालक ने बताया कि धनबाद के गोविंदपुर के पास उसके एक साथी चालक ने उसे हाइवा चलाने के लिए दिया था। उसे सिर्फ हाइवा समस्तीपुर पहुंचाने और इसके बदले मजदूरी मिलने की जानकारी दी गई थी। चालक ने शराब की खेप की जानकारी होने से इनकार किया है। पुलिस मामले की जांच कर शराब के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

आठ महीने में तीसरी बड़ी खेप, तरीका एक जैसा
संग्रामपुर में पिछले आठ महीने में गिट्टी के नीचे छिपाकर शराब ले जाने का यह तीसरा मामला सामने आया है। 15 दिसंबर 2025 को पुलिस ने इसी तरीके से हाइवा में छिपाकर ले जाई जा रही 1,617 लीटर विदेशी शराब जब्त की थी। इस मामले में संग्रामपुर थाना कांड संख्या 194/25 दर्ज है। वहीं 20 फरवरी 2026 को गिट्टी लदे हाइवा से 4,202.445 लीटर शराब बरामद की गई थी। इस मामले में थाना कांड संख्या 34/26 दर्ज है।
भास्कर नॉलेज: शराब तस्करी में अब गिट्टी लदे हाइवा का इस्तेमाल तस्करों का नया तरीका बनता जा रहा है। गिट्टी की आड़ में शराब छिपाकर उसे एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाया जाता है। पुलिस के अनुसार ऐसे मामलों में कई बार चालक को मोटी कमाई का लालच देकर वाहन सौंपा जाता है और रास्ते में चालक बदलकर खेप को गंतव्य तक पहुंचाने की कोशिश की जाती है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *