-प्लेटफॉर्म नंबर एक पर तेज आवाज के साथ बाइक दौड़ाने से यात्रियों में दहशत
-आरपीएफ इंस्पेक्टर बोले- जांच कर होगी कड़ी कार्रवाई
ब्यूरो चीफ, मुंगेर
धरहरा (मुंगेर): सोशल मीडिया पर रील्स बनाने और वायरल होने का क्रेज अब जानलेवा साबित हो रहा है। लाइक्स और फॉलोअर्स की होड़ में युवा अपनी और दूसरों की जिंदगी तक दांव पर लगाने से नहीं हिचक रहे हैं। इसका ताजा और हैरान करने वाला मामला मालदा रेल मंडल के जमालपुर-किऊल रेलखंड स्थित धरहरा रेलवे स्टेशन से सामने आया है, जहां एक युवक ने सुरक्षा के सभी नियमों को ताक पर रखकर प्लेटफॉर्म पर ही बाइक स्टंट किया।
जानकारी के अनुसार यह घटना 25 अक्टूबर की है। एक युवक इंटरनेट मीडिया पर रील बनाने के लिए सीधे अपनी बाइक लेकर धरहरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पहुंच गया। वहां उसने तेज आवाज में बाइक दौड़ाते हुए स्टंट करना शुरू कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो और तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
अचानक प्लेटफॉर्म पर बाइक और उसकी तेज आवाज सुनकर वहां ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। कुछ देर के लिए पूरे प्लेटफॉर्म पर डर का माहौल बन गया। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे इस अप्रत्याशित घटना से सहम गए। रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थल पर इस तरह की हरकत बेहद खतरनाक थी और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था।
हालांकि गनीमत रही कि मौके पर मौजूद सतर्क रेलकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया। उन्होंने युवक को जमकर फटकार लगाई, जिसके बाद वह अपनी बाइक लेकर स्टेशन से भाग निकला। रेलकर्मियों की सूझबूझ से समय रहते एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि आजकल के युवा सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। ऐसी लापरवाही न सिर्फ खुद के लिए बल्कि आम यात्रियों के लिए भी खतरा है।
इस मामले को लेकर जब आरपीएफ इंस्पेक्टर एसके यादव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि धरहरा स्टेशन पर आरपीएफ की स्थायी चौकी या बल तैनात नहीं है। फिर भी वायरल हो रहे वीडियो और फोटो का संज्ञान लिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है और युवक की पहचान कर उस पर रेल अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
