आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा : चतरा जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बुधवार देर रात सदर थाना क्षेत्र के किशुनपुर में एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और इसमें सवार एक 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब 11:30 बजे लखन मिस्त्री के घर के पास हुआ। किशुनपुर निवासी सरयू राणा के बेटे बसंत राणा अपनी बोलेनो कार से बधार की ओर से लौट रहे थे। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भयानक था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। बाद में जेसीबी की मदद से कार को ट्रक से अलग कर बाहर निकाला गया।इस दर्दनाक हादसे में बसंत राणा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, कार में सवार उपेन्द्र राणा, रामदेव राणा और गुड्डू राणा गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े किए जाने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
चतरा के किशुनपुर में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में घुसी कार, एक युवक की दर्दनाक मौत, तीन गंभीर घायल
