Skip to main content

Birsa Times

महाराष्ट्र में दिवाली की रात भीषण अग्निकांड, एक ही परिवार के 6 लोगों की जलकर मौत

महाराष्ट्र में दिवाली की रात भीषण अग्निकांड, एक ही परिवार के 6 लोगों की जलकर मौत

धाराशिव। महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में दिवाली के त्योहार के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। येडशी गांव में एक मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी, उनकी दो बेटियां और बुजुर्ग माता-पिता शामिल हैं। इस हादसे में परिवार का एक बच्चा किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

रात 2:30 बजे घर में लगी आग, सोते रह गए परिवार के सदस्य

जानकारी के अनुसार, येडशी गांव निवासी गोविंद करंडे ने दिवाली पर अपने घर और उससे सटी किराना दुकान को आकर्षक तरीके से सजाया था। परिवार ने लक्ष्मी पूजन के बाद त्योहार मनाया और रात में सभी सदस्य सोने चले गए।

इसी दौरान मध्यरात्रि करीब 2:30 बजे अचानक घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में सो रहे लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला।

परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत

इस भीषण अग्निकांड में गोविंद करंडे, उनकी पत्नी, दो बेटियों और उनके बुजुर्ग माता-पिता की मौत हो गई। परिवार का एक बच्चा किसी तरह आग की लपटों के बीच से बाहर निकलने में कामयाब रहा। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने का प्रयास किया। हालांकि, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी घर के अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका।

सुबह 4:20 बजे घटनास्थल पहुंचे विधायक

हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक राणा जगजीतसिंह पाटिल सुबह करीब 4:20 बजे घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीण इलाके में तत्काल अग्निशमन सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण आग बुझाने में परेशानी हुई। इसके बाद कलंब और तुलजापुर से अग्निशमन दल की टीमों को मौके पर बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

दीये से आग लगने की आशंका, जांच में जुटा प्रशासन

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में दिवाली के अवसर पर जलाए गए दीये (पणती) से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। दिवाली के त्योहार के बीच एक ही परिवार के छह लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *