Skip to main content

Birsa Times

घंघरी की निरंजना नदी में खतरे के बीच नहा रहे बच्चे, हादसे की आशंका

घंघरी की निरंजना नदी में खतरे के बीच नहा रहे बच्चे, हादसे की आशंका


एक साल पहले डूबने से हुई थी 14 वर्षीय मनीष की मौत, फिर भी नहीं चेते अभिभावक और प्रशासन

आदिवासी एक्सप्रेस | संतोष कुमार दास

चतरा। वशिष्ठ नगर जोरी थाना क्षेत्र के घंघरी स्थित निरंजना नदी में इन दिनों छोटे-छोटे बच्चे जान जोखिम में डालकर नहाते नजर आ रहे हैं। नदी में पानी का बहाव तेज होने के बावजूद बच्चे बीच धारा में उतरकर स्नान कर रहे हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। चिंता की बात यह है कि पूर्व में इसी नदी में डूबने से एक किशोर की मौत हो चुकी है, इसके बावजूद न तो अभिभावक गंभीरता दिखा रहे हैं और न ही प्रशासन की ओर से सुरक्षा को लेकर कोई ठोस पहल नजर आ रही है।

एक साल पहले डूबने से हुई थी 14 वर्षीय मनीष की मौत

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के बाद निरंजना नदी का जलस्तर बढ़ गया है और कई जगहों पर पानी का बहाव काफी तेज है। नदी के कुछ हिस्से गहरे भी हैं। ऐसे में बच्चों का नदी में उतरना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। तेज धारा में बहने की स्थिति में उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना भी मुश्किल हो सकता है।

ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले इसी नदी में नहाने के दौरान घंघरी निवासी सुलेंद्र पासवान के 14 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार की डूबने से मौत हो गई थी। उस दर्दनाक घटना के बाद कुछ महीनों तक बच्चों ने नदी में नहाना बंद कर दिया था, लेकिन अब एक बार फिर बच्चे उसी खतरे के बीच नदी में उतरने लगे हैं।

आखिर किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों?

नदी में बच्चों के नहाने को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बच्चों को नहीं रोका गया तो कभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें नदी के गहरे तथा तेज बहाव वाले हिस्सों में जाने से रोकने की अपील की है।

वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे निगरानी बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने और बच्चों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने की मांग की है।

अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन और अभिभावक किसी अनहोनी से पहले जागेंगे या फिर एक और दर्दनाक हादसे के बाद ही सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे?

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *