अंतिम संस्कार के लिए बनारस जा रहा था परिवार, रास्ते में हुआ दर्दनाक हादसा; एक ही परिवार के सात लोगों की मौत से पसरा मातम
चौपारण (हजारीबाग)। हजारीबाग जिले में जीटी रोड स्थित चौपारण की दनुआ घाटी एक बार फिर भीषण सड़क हादसे की गवाह बनी। सोमवार को घाटी के खतरनाक मोड़ पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग घायल हो गए। हादसे में शुरुआत में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हुई थी, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक और घायल एक ही परिवार के सदस्य और रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहारो गांव के एक परिवार के लोग सवारी वाहन से अपने एक परिजन का शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी (बनारस) जा रहे थे। इसी दौरान चौपारण थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित दनुआ घाटी में उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जाता है कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हुए थे। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। इसी दौरान इलाज के क्रम में दो और घायलों की मौत हो गई। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई। हादसे में घायल अन्य लोगों का इलाज जारी है। इनमें कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
अंतिम संस्कार के लिए निकले परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
एक परिजन के अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रहे परिवार के सदस्यों के साथ रास्ते में हुई इस त्रासदी ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक ही परिवार के सात लोगों की मौत और कई अन्य के घायल होने से गांव में मातम पसरा हुआ है। जिस परिवार के लोग पहले से ही एक सदस्य की मौत का दुख झेल रहे थे, उन्हें रास्ते में एक और बड़ी त्रासदी का सामना करना पड़ा।
दनुआ घाटी में सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
दनुआ घाटी में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर जीटी रोड के इस खतरनाक हिस्से में सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटी के खतरनाक मोड़ों पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी यातायात नियंत्रण और सुरक्षा उपाय जरूरी हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
