घर से महज 100 मीटर दूर कुएं में मिला शव, 10 वर्षों से मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने की बात
आदिवासी एक्सप्रेस | संतोष कुमार दास
चतरा। जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के सतघरवा गांव में एक सप्ताह से लापता 57 वर्षीय वृद्ध जगदीश यादव का शव सोमवार को कुएं में मिला। कुआं उनके घर से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एक सप्ताह पहले घर से निकले थे जगदीश यादव
जानकारी के अनुसार, जगदीश यादव करीब एक सप्ताह पहले घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद उनके पुत्र वीरेंद्र कुमार ने हंटरगंज थाना में आवेदन देकर पिता की तलाश करने की गुहार लगाई थी। परिजन और ग्रामीण भी अपने स्तर से लगातार उनकी खोजबीन कर रहे थे।
घर के पास कुएं में मिला शव
इसी बीच सोमवार को घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित एक कुएं में जगदीश यादव का शव मिला। शव देखते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
ग्रामीणों के अनुसार, जगदीश यादव की मानसिक स्थिति पिछले करीब 10 वर्षों से ठीक नहीं थी। हालांकि, वह किन परिस्थितियों में कुएं तक पहुंचे और उनकी मौत कैसे हुई, इसका पता नहीं चल पाया है।
खबर लिखे जाने तक घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने की जानकारी नहीं मिली थी। वृद्ध की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
