रांची। आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में अब IRS अधिकारी और झारखंड की पूर्व पंचायती राज निदेशक निशा उरांव गवाह बनेंगी। उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए इसकी घोषणा की है। निशा उरांव के अनुसार, घटना वाले दिन उनकी निशा भगत से फोन पर करीब 12 मिनट 51 सेकेंड तक बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान निशा भगत काफी भावुक थीं और रोते हुए कुछ लोगों के नाम भी बताए थे।
निशा उरांव ने सोशल मीडिया पर दोनों के बीच हुई बातचीत की कॉल डिटेल का स्क्रीनशॉट भी साझा किया है। उन्होंने कहा है कि इस बातचीत के आधार पर वह मामले में सरकारी गवाह बनेंगी। उनका कहना है कि अगर निशा भगत को न्याय नहीं मिला, तो वह इस मामले को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाएंगी।
आखिरी बातचीत में निशा भगत ने बताई थी प्रताड़ना की बात
निशा उरांव के मुताबिक, आखिरी बातचीत के दौरान निशा भगत ने कुछ लोगों के नाम बताए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही थीं। साथ ही अपमानित करने और डिजिटल मीडिया के माध्यम से उनका चरित्र हनन करने की कोशिश की जा रही थी।
निशा उरांव ने बताया कि उन्होंने बातचीत के दौरान निशा भगत को समझाने और ढांढस बंधाने की कोशिश की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि वह उनके साथ बैठकर धमकी देने वालों के खिलाफ शिकायत लिखेंगी। हालांकि, इस घटना के बाद निशा भगत की मौत हो गई।
निशा उरांव ने मौत को बताया हत्या
IRS अधिकारी निशा उरांव ने निशा भगत की मौत को आत्महत्या के बजाय हत्या करार दिया है। उन्होंने इस मामले में जवाबदेही तय करने और न्याय दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि निशा भगत ने अपनी परेशानी और प्रताड़ना के बारे में बातचीत के दौरान जानकारी दी थी।
पिता के बयान पर अजय तिर्की समेत कई के खिलाफ FIR
गौरतलब है कि 6 नवंबर को रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र के डहूटोली स्थित आवास पर निशा भगत की मौत हो गई थी। इससे पहले उन्होंने फेसबुक लाइव के दौरान कई गंभीर आरोप लगाए थे। घटना के बाद उनके पिता के बयान पर अजय तिर्की, पिठोरिया थाना प्रभारी समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मामले की जांच का जिम्मा डीएसपी अमर पांडेय को सौंपा गया है। वहीं, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग ने भी मामले का संज्ञान लिया है।
निशा भगत की मौत के बाद से ही मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग उठ रही है। अब IRS अधिकारी निशा उरांव के गवाह बनने की घोषणा से इस मामले में उनकी आखिरी बातचीत भी जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण हो सकती है।
