मायके से ससुराल लौटने के दौरान हंटरगंज बाजार में गिर गया था पर्स, मोबाइल समेत सभी आभूषण सुरक्षित मिले
आदिवासी एक्सप्रेस | संतोष कुमार दास
चतरा। बाजार में गुम हुए कीमती जेवरात और मोबाइल से भरा पर्स मिलने की उम्मीद छोड़ चुकी महिला के चेहरे पर हंटरगंज पुलिस ने फिर से मुस्कान लौटा दी। पुलिस की तत्परता और तकनीकी सेल की मदद से गुम हुआ पर्स बरामद कर लिया गया। पर्स में रखे सोने-चांदी के सभी आभूषण और मोबाइल फोन भी सुरक्षित मिले। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने बरामद सामान महिला को सौंप दिया।
मामला बिहार के गया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के गोपालकेड़ा गांव निवासी सुमन कुमारी (22 वर्ष), पति मनोज सिंह से जुड़ा है। हंटरगंज थाना प्रभारी संदीप कुमार के अनुसार, महिला 23 सितंबर 2026 को अपने मायके प्रतापपुर थाना क्षेत्र के घोड़दौर गांव से टेम्पू के जरिए ससुराल लौट रही थी। इसी दौरान हंटरगंज बाजार में उनका पर्स कहीं गिर गया। पर्स में सोने-चांदी के कीमती आभूषण और रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन रखा हुआ था।
तकनीकी सेल की मदद से पुलिस को मिली सफलता
पर्स गुम होने के बाद महिला ने बाजार और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने हंटरगंज थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तकनीकी सेल की मदद से पर्स की तलाश शुरू की। लगातार प्रयास के बाद पुलिस को सफलता मिली और गुम हुआ पर्स बरामद कर लिया गया। पर्स में रखे सभी सामान सुरक्षित मिले।
पर्स में थे सोने-चांदी के कीमती आभूषण
पुलिस द्वारा बरामद सामानों में करीब आठ ग्राम का सोने का मंगटीका, छह ग्राम की नथिया और पांच ग्राम का जितिया शामिल है।
इसके अलावा करीब 250 ग्राम चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए। इनमें पायल, सिकड़ी, दुल्हन बिछिया, अंगूठा बिछिया, छोटा बिछिया, बजरंगबली और चंद्रमा का लॉकेट, छोटा पाया, घुंघरू और ताबीज शामिल हैं। साथ ही रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन भी सुरक्षित बरामद हुआ।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
सभी सामान वापस मिलने के बाद महिला ने राहत की सांस ली और हंटरगंज पुलिस के प्रति आभार जताया। यह पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी संदीप कुमार के नेतृत्व में की गई।
इस अभियान में सहायक अवर निरीक्षक अजय कुमार महतो, आरक्षी संख्या 463 शक्ति दास और थाना के सीसीटीएनएस ऑपरेटर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस तत्परता से महिला को अपना खोया हुआ सामान वापस मिल सका।
