शहडोल से राजेश कुमार यादव। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में जंगली जानवरों का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। ब्यौहारी थाना क्षेत्र के तगावर गांव के बिजाहरा टोला में घर की परछी में अपनी बहन के साथ सो रही 15 वर्षीय किशोरी को तेंदुआ उठाकर ले गया। सुबह घर से करीब 300 मीटर दूर झाड़ियों में उसका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग और पुलिस की टीमें तेंदुए की तलाश में जुटी हैं।
बहन के साथ सो रही थी किशोरी, तड़के घर में घुसा तेंदुआ
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सरस्वती सिंह गोंड के रूप में हुई है। वह रात में अपनी बहन के साथ घर की परछी में सो रही थी, जबकि उसकी मां घर के अंदर कमरे में सोई हुई थी। बताया गया कि घर में दरवाजा नहीं लगा था। इसी दौरान तड़के तेंदुआ घर में घुसा और सो रही सरस्वती को उठाकर ले गया।
सुबह जब साथ सो रही बहन की नींद खुली तो सरस्वती बिस्तर पर नहीं थी। उसने अपनी मां को जगाया। इसके बाद मां और बहन ने उसकी तलाश शुरू की। घर से कुछ दूरी पर उसका कंबल मिला। तलाश के दौरान करीब 300 मीटर दूर झाड़ियों में सरस्वती का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।
सुबह चार बजे पुलिस को दी गई सूचना
घटना की जानकारी सुबह करीब चार बजे ब्यौहारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। आसपास के थानों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। एसडीओपी समेत पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
जंगली जानवर के हमले की पुष्टि होने के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और तेंदुए की तलाश शुरू कर दी।
घर में दरवाजा नहीं होने से हुई घटना: DFO
डीएफओ तरुणा वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि यह इलाका जंगल से सटा हुआ है। घर में दरवाजा नहीं होने के कारण तेंदुआ अंदर घुसा और किशोरी को उठाकर ले गया।
उन्होंने बताया कि मृतका के पिता शिवचरण महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं। घर में मां और दो बेटियां रहती थीं। वन विभाग की ओर से नियमानुसार मिलने वाली सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जा रही है।
तेंदुए की तलाश में सर्च ऑपरेशन, ग्रामीणों में भय
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी भय और आक्रोश है। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी तेंदुए की तलाश में जुटे हैं। वन विभाग और पुलिस की कई टीमें आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
इस घटना ने जंगल से सटे गांवों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की जरूरत जताई है।
