Skip to main content

Birsa Times

इटखोरी के राजपुर गांव में तीन घरों में चोरी, लाखों के जेवरात और नकदी लेकर चोर हुए फरार

इटखोरी के राजपुर गांव में तीन घरों में चोरी, लाखों के जेवरात और नकदी लेकर चोर हुए फरार

संतोष कुमार दास
इटखोरी (चतरा) :
इटखोरी थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने गांव के तीन घरों को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवरात समेत हजारों रुपये नकद की चोरी कर ली। घटना के बाद से पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने राजपुर गांव निवासी ओमप्रकाश सिंह, नयन कुमार सिंह और लव कुमार सिंह के घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। ओमप्रकाश सिंह के घर से चोरों ने सोने का टीका, बच्चों के सोने के दो लॉकेट, सोने की तीन अंगूठियां, नकद 25 हजार रुपये, चांदी की तीन जोड़ी पायल तथा बच्चों के छह पीस मठिया चोरी कर लिए। वहीं, नयन कुमार सिंह और लव कुमार सिंह के घरों को भी चोरों ने अपना निशाना बनाया। दोनों के घरों से भी जेवरात और नकदी की चोरी किए जाने की जानकारी मिली है। हालांकि, उनके घरों से चोरी गए सामानों और नकदी का विस्तृत ब्योरा सामने नहीं आया है। घटना के बाद पीड़ित ओमप्रकाश सिंह ने इटखोरी थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस प्रशासन से इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने तथा चोरी की घटना का उद्भेदन करने की मांग की है। लगातार तीन घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने, चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने तथा गांव में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *