रिपोर्ट – प्रमोद कुमार सिंह
औरंगाबाद :- रिसियप थाना पुलिस ने सोमवार की शाम बभंडीह गांव के समीप एनएच-139 पर कार्रवाई करते हुए शराब लदी एक कार जब्त की है। पुलिस की भनक लगते ही कार सवार धंधेबाज वाहन सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। अंधेरा और बटाने नदी के आसपास मौजूद घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर वे पुलिस की पकड़ से दूर निकल गए।
थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि झारखंड की ओर से शराब की खेप लेकर कुछ धंधेबाज एनएच-139 के रास्ते थाना क्षेत्र में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना के आधार पर बभंडीह के पास वाहन जांच शुरू की गई। इसी दौरान पुलिस को देखते ही कार सवार चालक समेत अन्य लोग वाहन छोड़कर भागने लगे।
पुलिस ने पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरे और झाड़ियों के कारण धंधेबाजों का पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर थाने लाया। वाहन की तलाशी के दौरान 300 एमएल की 1825 बोतल शराब बरामद की गई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस के स्वलिखित बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार धंधेबाजों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में विधि सम्मत कार्रवाई जारी है और आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
