रिपोर्ट- अविनाश मंडल
पाकुड़: पाकुड़ उपायुक्त मेघा भारद्वाज के आदेशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी के नेतृत्व में सड़क किनारे अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान में सहायक थाना प्रभारी पाकुड़ नगर शनि सुप्रभात, यातायात प्रभारी राकेश कुमार रंजन एवं नगर परिषद के सिटी मैनेजर मनीष कुमार शामिल रहे।
टीम ने डीसी आवास चौक, सरकारी बस स्टैंड, कोर्ट परिसर चौक, अंबेडकर चौक, हरिनडंगा बाजार चौक, गांधी चौक, स्टेशन चौक, खुदीराम बोस चौक, रेलवे स्टेशन गेट नंबर-2 सहित जिले के विभिन्न व्यस्ततम चौक-चौराहों एवं प्रमुख मार्गों पर जांच की। अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़ा करने, दुकानों के सामने टेबल-कुर्सी, प्लास्टिक टेंट, बांस-बल्ली एवं अन्य सामान रखकर यातायात बाधित करने वाले दुकानदारों, गैराज संचालकों एवं वाहन चालकों को कड़ी हिदायत दी गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क किनारे किसी भी प्रकार का अवैध पार्किंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई, जुर्माना वसूली एवं सामान जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। अंतिम चेतावनी के तौर पर 24 घंटे के अंदर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है।
सभी टोटो एवं ऑटो चालकों के लिए आगे एवं पीछे नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य किया गया है। बिना नंबर प्लेट पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। अभियान के क्रम में लगभग 10 से 15 टोटो को जब्त कर नगर थाना में सुरक्षित रखा गया है। मुख्य रूप से कोर्ट परिसर मुख्य मार्ग पर अवैध पार्किंग को लेकर विशेष सख्ती बरती गई है। कोर्ट परिसर मार्ग से 500 मीटर आगे-पीछे तक दोपहिया एवं चारपहिया वाहन खड़ा करने पर रोक लगाई गई है। जिला प्रशासन द्वारा एक सप्ताह के अंदर निर्धारित पार्किंग स्थल की व्यवस्था की जाएगी। इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि पाकुड़ को जाम मुक्त, अतिक्रमण मुक्त एवं दुर्घटना मुक्त बनाने में प्रशासन का सहयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें।
