गोमो। धनबाद रेल मंडल के गोमो RPF पोस्ट की टीम ने ऑपरेशन सतर्क के तहत कार्रवाई करते हुए पारसनाथ स्टेशन से 40 बोतल बीयर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 4 सितंबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे निरीक्षक प्रभारी गोमो विमल कुमार के नेतृत्व में RPF की टीम पारसनाथ स्टेशन पर रात्रि गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पारसनाथ स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 के हावड़ा एंड के पास दो संदिग्ध व्यक्ति दो पिट्ठू बैग के साथ दिखाई दिए। RPF जवानों ने दोनों को रोककर बैग की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दोनों बैग से गॉडफादर सुप्रीम स्ट्रांग प्रीमियर बीयर की कुल 40 बोतलें बरामद की गईं। बरामद बीयर की कुल मात्रा 20 लीटर बताई गई है। RPF के अनुसार, दोनों युवक बीयर को पारसनाथ मार्केट से खरीदकर ट्रेन संख्या 18624 से पटना ले जाने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही RPF ने दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय ओम नारायण राय, पिता कौशल नाथ राय, निवासी पालिया, थाना जगदीशपुर, जिला भोजपुर, बिहार और 28 वर्षीय रजनीश कुमार, पिता बैजनाथ शर्मा, निवासी पड़री, थाना बिहटा, जिला पटना, बिहार के रूप में हुई है। RPF गोमो द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
