Skip to main content

Birsa Times

गोमो आरपीएफ द्वारा ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत मोबाइल चोरी के आरोपी की गिरफ्तारी, मोबाइल बरामद

गोमो आरपीएफ द्वारा ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत मोबाइल चोरी के आरोपी की गिरफ्तारी, मोबाइल बरामद

गोमो। ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत गोमो रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की टीम ने यात्री का मोबाइल चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक के पास से एक पुराना मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को निरीक्षक प्रभारी गोमो के नेतृत्व में आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र नाथ बारिक, प्रधान आरक्षी जय प्रकाश चौधरी और आरक्षी सुनील कुमार यादव गोमो रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 01 और 02 पर गश्त कर रहे थे।

इसी दौरान रात करीब 2 बजकर 35 मिनट पर ट्रेन संख्या 13052 प्लेटफार्म संख्या 02 पर पहुंची। गश्त के दौरान आरपीएफ जवानों ने ट्रेन के स्लीपर कोच संख्या 04 से दो व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में उतरते हुए देखा। दोनों व्यक्ति पीछे की ओर स्थित सामान्य कोच में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे।

आरपीएफ टीम ने दोनों को आवाज देकर रोकने की कोशिश की, लेकिन दोनों मौके से भागने लगे। जवानों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा युवक मौके से फरार हो गया।

पकड़े गए युवक ने अपना नाम नसीम, उम्र करीब 20 वर्ष, पिता स्वर्गीय नूर हुसैन, निवासी पंजनी नारायणपुर, थाना नारायणपुर, जिला जामताड़ा बताया। पूछताछ के दौरान उसने फरार युवक का नाम जमशेद, उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी भागाबांध, थाना नारायणपुर, जिला जामताड़ा बताया।

आरपीएफ के अनुसार, पूछताछ में नसीम ने बताया कि दोनों आपस में दोस्त हैं और चलती ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल एवं पर्स चोरी कर अपना और अपने परिवार का गुजर-बसर करते हैं।

इसके बाद मौके पर मौजूद गवाहों के समक्ष नसीम की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पहने हुए काले जैकेट की बाईं जेब से नारजो कंपनी का पुराना ग्रे रंग का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

आरपीएफ ने बरामद मोबाइल को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, फरार आरोपी जमशेद की तलाश जारी है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *