-युवती ने शादी करने और शारीरिक संबंध बनाने के बाद छोड़ने का लगाया आरोप
-जमुई के चंद्रदीप थाने में तैनात है आरोपी दारोगा कुंदन कृष्णा
-महिला आयोग की पहल पर दर्ज हुई प्राथमिकी
रंजीत कुमार विद्यार्थी
मुंगेर : मुंगेर प्रमंडल अंतर्गत जमुई जिले के चंद्रदीप थाने में तैनात दारोगा कुंदन कृष्णा पर मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र की 22 वर्षीय एक युवती ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि फेसबुक से शुरू हुई दोस्ती के बाद दारोगा ने मंदिर में शादी की और जमुई, मुंगेर और बेगूसराय के होटलों में शारीरिक संबंध बनाए। अब दूसरी जगह शादी तय होने पर दारोगा उसे अपनाने से इंकार कर रहा है। राज्य महिला आयोग के संज्ञान तथा मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद के पहल के बाद महिला थाना, मुंगेर में दारोगा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पीड़िता ने जमुई के एसआई पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है।
मंदिर में शादी और होटलों में शारीरिक संबंध का आरोप
पीड़िता के अनुसार, 03 फरवरी 2026 को फेसबुक के जरिए उसकी दोस्ती दारोगा से हुई थी। 13 फरवरी को दारोगा मुंगेर के पीर पहाड़ आया और चंडिका स्थान मंदिर में हिंदू रीति रिवाज से शादी की। इसके बाद आरोपी दारोगा उसे मुंगेर, बेगूसराय के होटलों और जमुई में अपने कमरे पर ले जाकर शारीरिक संबंध बनाता रहा।
पीड़िता का आरोप, 5 लाख रुपये का ऑफर
11 जुलाई को दारोगा ने पीड़िता को 05 लाख रुपये लेकर चुपचाप मुंगेर लौटने और दूसरी शादी करने की बात कही।
थाने से भगाने का आरोप
विरोध करने पर दारोगा और चंद्रदीप थाने की पुलिस ने पीड़ित युवती को मारपीट और डांटकर भगा दिया। जिससे परेशान होकर पीड़िता ने आत्महत्या का प्रयास भी किया।
पारिवारिक दबाव
दारोगा के पिता, जीजा और दोस्तों ने भी युवती पर रिश्ता खत्म करने का दबाव बनाया।
अन्य लड़कियों से संपर्क
पीड़िता ने दारोगा पर कई अन्य लड़कियों के साथ वीडियो कॉल पर बात करने का भी आरोप लगाया है।
महिला आयोग की पहल पर केस दर्ज
पीड़िता जमुई और मुंगेर के कई थानों का चक्कर काटती रही, लेकिन शुरुआत में उसकी शिकायत नहीं सुनी गई। इसके बाद मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद और महिला आयोग के हस्तक्षेप के बाद मुंगेर के महिला थाने में मामला दर्ज किया गया। मुंगेर महिला थानाध्यक्ष कृति कुमारी ने बताया कि एसपी के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
आरोपी दारोगा और पुलिस अधिकारियों की सफाई
मामले में आरोपी दारोगा कुंदन कृष्णा का कहना है कि उसकी युवती से केवल फेसबुक के जरिए दोस्ती हुई थी और शादी की बात पूरी तरह गलत है। मैं तो उसे ठीक से जानता तक नहीं हूं। वहीं, जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि मामला उनके क्षेत्राधिकार में आएगा, तो आरोपी दारोगा के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
