Skip to main content

Birsa Times

गुमानी नदी में उफान, बरहरवा के कई गांव जलमग्न; निचले इलाकों में आवागमन प्रभावित

गुमानी नदी में उफान, बरहरवा के कई गांव जलमग्न; निचले इलाकों में आवागमन प्रभावित

आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो अजय कुमार कुशवाहा
बरहरवा प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण गुमानी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी में पानी उफान पर आने से आसपास के कई गांवों, सड़कों और मोहल्लों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। नदी का पानी बढ़ने से निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है और लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर का सबसे अधिक असर हरिहरा, इस्लामपुर, महेशघाटी, अंधारकोठा, कांकजोल जमालपुर और मधुआपाड़ा क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। गुमानी नदी का पानी उफान पर आने के कारण हरिहरा, अंधारकोठा और इस्लामपुर गांव के निचले हिस्सों में पानी जमा हो गया है। कई जगहों पर ग्रामीण सड़कों पर भी पानी बहने लगा है, जिससे दोपहिया वाहनों और छोटे वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ है।

गांवों के संपर्क मार्गों पर पानी जमा होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के जरूरी कार्यों के लिए बाहर निकलने में परेशानी हो रही है। वहीं, निचले इलाकों में कई घरों के आसपास पानी जमा होने से लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा और गुमानी नदी का जलस्तर और बढ़ा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। नदी के बढ़ते जलस्तर का असर कृषि क्षेत्र पर भी पड़ रहा है। कई स्थानों पर खेतों में पानी भर जाने से फसलों को नुकसान होने की आशंका है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *