-धरहरा में 42 मिनट तक रुकी दुमका-पटना एक्सप्रेस
रंजीत विद्यार्थी
मुंगेर : मालदा मंडल क्षेत्र के जमालपुर-किऊल रेलखंड पर गुरुवार की शाम पटरी में दरार की आशंका से कुछ देर के लिए रेल परिचालन प्रभावित रहा। प्राप्त जानकारी अनुसार धरहरा और अभयपुर स्टेशन के बीच महरना गांव के समीप रामपुरहाट-गया पैसेंजर (53403 अप) के चालक को अचानक तेज झटका महसूस हुआ। चालक ने तत्काल धरहरा स्टेशन और कंट्रोल रूम को सूचना दी। चालक के अनुसार, पोल संख्या 372/33 और 372/35 के बीच ट्रेन में झटका महसूस हुआ। इसके बाद चालक और गार्ड ने एहतियातन ट्रेन को घटनास्थल पर करीब 26 मिनट रोककर पटरी की जांच की। सूचना मिलते ही पीडब्ल्यूआई मनीष कुमार मौके पर पहुंचे और रेल पटरी का निरीक्षण किया। पटरी में गड़बड़ी की सूचना मिलते ही रेल अधिकारियों ने एहतियात बरती। एईएन राजीव कुमार भी दुमका-पटना एक्सप्रेस (13333 अप) से घटनास्थल की ओर रवाना हुए। इस दौरान दुमका-पटना एक्सप्रेस धरहरा स्टेशन पर करीब 42 मिनट तक खड़ी रही। ट्रेन रुकने और पटरी में खराबी की सूचना से यात्रियों में कुछ देर अफरातफरी की स्थिति रही।
जांच में नहीं मिली खामिया
स्टेशन उप प्रबंधक प्रफुल्ल कुमार सिंह ने बताया कि पीडब्ल्यूआई की जांच में पटरी में क्रैक जैसी कोई स्थिति नहीं मिली। जांच पूरी होने के बाद कंट्रोल रूम के निर्देश पर रेल परिचालन सामान्य करा दिया गया। इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
