-गंगा के जल में तेजी से बढ़ोतरी ने बढ़ाई लोगों की चिंता
-सुरक्षित ठिकानों की तलाश में जुटे बाढ़ प्रभावी इलाकों के ग्रामीण
रंजीत विद्यार्थी
मुंगेर: गंगा के बढ़ते जलस्तर ने एक बार फिर बाढ़ की चिंता बढ़ा दी है. पटना के बाढ़ और अथमलगोला से लेकर लखीसराय और मुंगेर तक गंगा का पानी लगातार ऊपर चढ़ रहा है. कई घाट डूब गए हैं, जबकि कुछ जगहों पर सड़क और आवागमन प्रभावित होने लगा,
जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से कई जिलों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. इस बीच पटना जिले के बाढ़ क्षेत्र में करजान-ताजपुर सेतु का टेम्परेरी पुल डूब गया है. बाढ़ के ग्रामीण इलाकों में पानी घुस रहा है, इसके साथ ही लखीसराय और मुंगेर में गंगा चेतावनी स्तर को पार कर चुकी है. वहीं, कुतलुपुर में कटाव ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. मुंगेर सदर प्रखंड क्षेत्र के कुतलूपुर, टीकारामपुर व जाफ़रनगर तथा बरियारपुर प्रखंड के हरिणमार और झौवा बहियार पंचायत के तीन दर्जन गांव के ग्रामीण गंगा में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सुरक्षित ठिकानों की तलाश में जुट गए हैं। बरियारपुर विद्युत सब स्टेशन में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। मुंगेर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ चंडिका स्थान में बाढ़ का पर पानी प्रवेश कर जाने से श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन ने सावन मास की अंतिम सोमवारी को देखते हुए चंडिका स्थान से पानी निकालने एवं साफ सफाई को लेकर विशेष अभियान चलाया है। जबकि, पटना जिले के दियारा इलाकों में भी पानी फैलने लगा है और प्रशासन ने राहत-बचाव टीमों को अलर्ट पर रखा है.
करजान-ताजपुर सेतु के टेम्परेरी पुल पर चढ़ा पानी बता दें कि पटना जिले के अथमलगोला इलाके में करजान-ताजपुर सेतु के निर्माण का काम चल रहा है. इस दौरान लोगों के आवागमन के लिए बनाए गए टेम्परेरी पुल पर गंगा का पानी चढ़ गया है. पानी बढ़ने से इस रास्ते से आने-जाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है. गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण प्रशासन और स्थानीय लोगों की नजर अब इस अस्थायी रास्ते पर बनी हुई है. पटना जिले के दियारा इलाकों में भी गंगा का पानी फैल रहा है. दानापुर और मनेर के कई निचले इलाकों में सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है और एनडीआरएफ ने राहत-बचाव की कमान संभाली है.
दूसरी ओर लखीसराय के बड़हिया में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. बड़हिया कॉलेज गंगा घाट की सभी सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं. गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यहां विशेष सतर्कता बरती है. एसडीआरएफ की टीम को तैनात किया गया है. लोगों से बैरिकेडिंग के बाहर नहीं जाने की अपील की गई है. पुलिस और प्रशासन की भी प्रतिनियुक्ति की गई है और जिला प्रशासन ने पहले से ही नावों और राहत व्यवस्था की तैयारी कर रखी है.

