Skip to main content

Birsa Times

फुलिया में जर्जर 11 हजार वोल्ट के तार-पोल से हादसे का खतरा

फुलिया में जर्जर 11 हजार वोल्ट के तार-पोल से हादसे का खतरा

मुख्य मार्ग व सार्वजनिक स्थलों के पास झूल रहे बिजली के तार, ग्रामीणों में दहशत; हादसे से पहले तार-पोल हटाने की मांग।
आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता
पांडू,पलामू।
पांडू प्रखंड अंतर्गत फुलिया गांव में राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय से पंचायत भवन तक 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के तार और पोल जर्जर स्थिति में हैं।मुख्य मार्ग के समीप झूलते तार और कमजोर पोल के कारण ग्रामीणों में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से समस्या बनी रहने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से अब तक ठोस पहल नहीं की गई है।फुलिया के नागेश्वर पंचमुखी मंदिर,शनिवार बाजार,विद्यालय,पैक्स भवन तथा फुलिया-बरवाही मार्ग पर स्थित बाकी नदी पुल के आसपास दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है।ऐसे सार्वजनिक स्थानों के समीप जर्जर 11 हजार वोल्ट की लाइन होने से स्कूली बच्चों,राहगीरों,ग्रामीणों और वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।ग्रामीणों के अनुसार,बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार इसकी जानकारी दी जा चुकी है।पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि ने भी विभाग से सार्वजनिक स्थलों के पास से तार-पोल हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।ग्रामीणों ने बताया कि विभागीय कर्मियों द्वारा लाइन में बिजली आपूर्ति नहीं होने की बात कही जाती है।हालांकि, करीब दो माह पूर्व शॉर्ट सर्किट के कारण इसी लाइन में करंट प्रवाहित होने से राजा पाल की बकरी की मौत हो गई थी। कुछ ग्रामीणों ने बिजली का झटका महसूस होने की भी बात कही है।ग्रामीणों ने मांग की है कि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले जर्जर तार-पोल को तत्काल दुरुस्त कराया जाए अथवा पूरी लाइन को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। वहीं, बिजली विभाग के जूनियर अभियंता से दूरभाष पर संपर्क करने पर उन्होंने मामले को देखने और तार-पोल हटवाने का आश्वासन दिया।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *