-चार लाख के गांजे के साथ अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
-8.800 किलो गांजा, 11 बोतल शराब और कार जब्त
आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा : झारखंड-बिहार सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ हंटरगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर कुल 9 किलो 150 ग्राम गांजा, 750 एमएल की 11 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब और तस्करी में प्रयुक्त हुंडई कार बरामद की है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोंदल गांव निवासी रोहित कुमार और हंटरगंज बाजार निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गांजे की खेप को चतरा शहर में खपाने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने तस्करों की योजना पर पानी फेर दिया।एसपी की गुप्त सूचना पर बिछाया जाल सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि रोहित कुमार सफेद रंग की हुंडई कार से गांजे की खेप लेकर प्रतापपुर मोड़ की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक बिपिन कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर भोंदल-प्रतापपुर मोड़ के पास घेराबंदी की गई। पुलिस ने संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। कार की डिक्की में रखे दो सफेद प्लास्टिक के बोरों से 6 किलो 800 ग्राम और 2 किलो गांजा, कुल 8 किलो 800 ग्राम बरामद हुआ। मौके से रोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।घर से शराब, साथी के पास मिला गांजारोहित की निशानदेही पर उसके घर की तलाशी ली गई, जहां से ओल्ड हैबिट कंपनी की 750 एमएल वाली 11 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने पवन कुमार के ठिकाने पर छापेमारी कर उसके पास से 350 ग्राम गांजा बरामद किया और उसे भी गिरफ्तार कर लिया। इस तरह बरामद गांजे की कुल मात्रा 9 किलो 150 ग्राम हो गई।एसडीपीओ ने बताया कि दोनों आरोपियों के अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की जांच की जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।मामले में एनडीपीएस एक्ट एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी बिपिन कुमार, एसआई नितेश कुमार प्रसाद, एसआई नवीनचंद्र सिंह, एएसआई सुनील कुमार दुबे सहित हंटरगंज थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
झारखंड-बिहार सीमा पर हंटरगंज पुलिस का बड़ा एक्शन, 9.15 किलो गांजा समेत दो तस्कर गिरफ्तार
