रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत और सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम को पत्र लिखकर झारखंड हाईकोर्ट में नए मुख्य न्यायाधीश की जल्द नियुक्ति करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा है कि हाईकोर्ट में लंबे समय तक कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की व्यवस्था रहने से न्यायिक और प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हो सकता है।
झारखंड हाईकोर्ट के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एमएस सोनक 27 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उनके सेवानिवृत्त होने से पहले नए मुख्य न्यायाधीश के नाम की अनुशंसा नहीं होने पर हाईकोर्ट में एक बार फिर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति की नौबत आ सकती है।
बार-बार नेतृत्व परिवर्तन पर जताई चिंता
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पत्र में कहा है कि हाईकोर्ट में बार-बार मुख्य न्यायाधीश बदलने और लंबे समय तक अंतरिम व्यवस्था बनाए रखने से प्रशासनिक निरंतरता प्रभावित होती है। इससे संस्थागत योजनाओं और न्यायिक कामकाज में भी बाधा उत्पन्न होती है।
उन्होंने कहा कि किसी भी हाईकोर्ट के प्रशासनिक और न्यायिक कामकाज में मुख्य न्यायाधीश की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। इसलिए न्याय व्यवस्था में आम लोगों का भरोसा बनाए रखने के लिए स्थायी न्यायिक नेतृत्व जरूरी है।
पहले भी कई बार बनी अंतरिम व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने झारखंड हाईकोर्ट में पूर्व में हुए नेतृत्व परिवर्तन का भी उल्लेख किया है। तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रवि रंजन की सेवानिवृत्ति के बाद न्यायमूर्ति एमएस सोनक के मुख्य न्यायाधीश बनने तक चार मुख्य न्यायाधीशों का कार्यकाल रहा। इस दौरान कुछ न्यायाधीशों का कार्यकाल महज 15 दिनों का भी रहा। वहीं, तीन बार कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की व्यवस्था करनी पड़ी।
हेमंत सोरेन ने सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम से आग्रह किया है कि न्यायमूर्ति एमएस सोनक के सेवानिवृत्त होने से पहले उनके उत्तराधिकारी के नाम की अनुशंसा की जाए, ताकि झारखंड हाईकोर्ट में न्यायिक नेतृत्व को लेकर अनिश्चितता की स्थिति पैदा न हो।
