Skip to main content

Birsa Times

10 लाख की रिश्वत लेते पकड़ा गया CGST सुपरिंटेंडेंट, घर से मिले 1.86 करोड़ के कैश, सोना-चांदी और विदेशी मुद्रा

10 लाख की रिश्वत लेते पकड़ा गया CGST सुपरिंटेंडेंट, घर से मिले 1.86 करोड़ के कैश, सोना-चांदी और विदेशी मुद्रा

पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) विभाग के एक सुपरिंटेंडेंट के घर से केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने करीब 1.86 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की है। अधिकारी को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद सीबीआई ने उसके आवास पर छापेमारी की, जहां भारतीय और विदेशी मुद्रा के अलावा भारी मात्रा में सोना और चांदी मिली।

गिरफ्तार अधिकारी की पहचान लवकुश कुमार के रूप में हुई है। वह पंचकूला में CGST सुपरिंटेंडेंट के पद पर तैनात था। सीबीआई ने 19 नवंबर 2026 को उसके खिलाफ रिश्वत मांगने के आरोप में मामला दर्ज किया था।

50 लाख रुपये मांगी थी रिश्वत

सीबीआई के अनुसार, अधिकारी पर आरोप है कि उसने एक निजी कंपनी के खिलाफ चल रही GST कार्रवाई में अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले कंपनी के साझेदार से 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसके बदले कंपनी पर भारी जुर्माना नहीं लगाने और आगे डिमांड नोटिस जारी नहीं करने का भरोसा दिया गया था।

बातचीत के बाद रिश्वत की रकम कम हुई। सीबीआई के मुताबिक, अधिकारी 10 लाख रुपये की पहली किस्त लेने को तैयार हुआ। इसके बाद एजेंसी ने पंचकूला में जाल बिछाया और 19 नवंबर को उसे शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

घर से क्या-क्या मिला?

20 नवंबर को सीबीआई ने आरोपी के आवास पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान करीब 1.86 करोड़ रुपये मूल्य की नकदी और कीमती सामान बरामद हुआ।

कुल बरामदगी: ₹1.86 करोड़

बरामद सामानअनुमानित कीमत
भारतीय मुद्रा₹24.29 लाख
विदेशी मुद्रा₹15.65 लाख
सोने के आभूषण, सोने की ईंटें और चांदी₹1.46 करोड़
कुल₹1.86 करोड़

छह बैंक खातों और कई संपत्तियों के दस्तावेज मिले

छापेमारी के दौरान सीबीआई को आरोपी के छह बैंक खातों, निवेश पोर्टफोलियो, जीवन बीमा पॉलिसी और कई अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। इसके अलावा आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों के वाहनों तथा वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड भी बरामद किए गए हैं।

सीबीआई अब इन दस्तावेजों की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि अधिकारी और उसके परिवार की कुल संपत्ति, निवेश तथा वित्तीय लेनदेन क्या हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *