Skip to main content

Birsa Times

शिव नादर परिवार ने 2,593 करोड़ रुपये किए दान, लगातार पांचवें साल बना देश का सबसे बड़ा परोपकारी परिवार

शिव नादर परिवार ने 2,593 करोड़ रुपये किए दान, लगातार पांचवें साल बना देश का सबसे बड़ा परोपकारी परिवार

नई दिल्ली। देश के दिग्गज उद्योगपति और HCL के संस्थापक शिव नादर ने दान के मामले में एक बार फिर मुकेश अंबानी और गौतम अदाणी जैसे बड़े उद्योगपतियों को पीछे छोड़ दिया है। शिव नादर और उनके परिवार ने वित्त वर्ष 2025-26 में कुल 2,593 करोड़ रुपये का दान किया है। इसके साथ ही उनका परिवार लगातार पांचवें साल भारत के सबसे बड़े परोपकारी परिवार के रूप में पहले स्थान पर रहा है।

एडलगिव हुरुन इंडिया फिलैंथ्रॉपी लिस्ट 2026 के अनुसार, शिव नादर परिवार ने प्रतिदिन औसतन करीब 7.1 करोड़ रुपये दान किए। देश के 219 प्रमुख दानदाताओं ने मिलकर इस वित्त वर्ष में कुल 11,554 करोड़ रुपये का योगदान दिया। यह पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले 11 प्रतिशत अधिक है।

अदाणी और अंबानी किस स्थान पर रहे?

दानदाताओं की सूची में गौतम अदाणी और उनका परिवार 877 करोड़ रुपये के योगदान के साथ दूसरे स्थान पर रहा। उनके दान में पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 127 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

वहीं, बजाज परिवार 632 करोड़ रुपये के दान के साथ तीसरे स्थान पर रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके परिवार ने 620 करोड़ रुपये दान किए और चौथा स्थान हासिल किया।

इंफोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणि 380 करोड़ रुपये के योगदान के साथ पांचवें स्थान पर रहे।

देश के टॉप-10 दानदाता परिवार और उनकी रकम

स्थानदानदातादान की राशि
1शिव नादर और परिवार₹2,593 करोड़
2गौतम अदाणी और परिवार₹877 करोड़
3बजाज परिवार₹632 करोड़
4मुकेश अंबानी और परिवार₹620 करोड़
5नंदन नीलेकणि₹380 करोड़
6कुमार मंगलम बिड़ला और परिवार₹366 करोड़
7साइरस और अदार पूनावाला₹336 करोड़
8सुधीर और समीर मेहता₹334 करोड़
9रंजन पई और परिवार₹219 करोड़
10रोहिणी नीलेकणि₹215 करोड़

शिक्षा के क्षेत्र में सबसे ज्यादा दान

रिपोर्ट के मुताबिक, देश के दानदाताओं ने सबसे ज्यादा राशि शिक्षा के क्षेत्र में खर्च की। वित्त वर्ष 2025-26 में शिक्षा के लिए कुल 4,188 करोड़ रुपये दान किए गए, जो कुल दान का लगभग 36 प्रतिशत है। सूची में शामिल 219 दानदाताओं में से 200 ने शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दिया।

स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 1,768 करोड़ रुपये दान किए गए। इस क्षेत्र में पिछले साल की तुलना में 82 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं, कला, संस्कृति और विरासत के संरक्षण के लिए 1,377 करोड़ रुपये तथा पर्यावरण और सतत विकास के लिए 813 करोड़ रुपये का योगदान किया गया।

रोहिणी नीलेकणि बनीं देश की सबसे बड़ी महिला दानदाता

महिला दानदाताओं की सूची में रोहिणी नीलेकणि 215 करोड़ रुपये के योगदान के साथ पहले स्थान पर रहीं। उनके बाद बायोकॉन की संस्थापक किरण मजूमदार-शॉ ने 93 करोड़ रुपये और अनु आगा व उनके परिवार ने 78 करोड़ रुपये का दान दिया।

रिपोर्ट के अनुसार, इस साल परोपकारियों की सूची में कुल 219 लोग शामिल हुए, जबकि पिछले साल यह संख्या 192 थी। इससे देश में बड़े स्तर पर सामाजिक कार्यों और जनकल्याण के लिए किए जा रहे आर्थिक योगदान में बढ़ोतरी का संकेत मिलता है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *