Skip to main content

Birsa Times

अपेंडिक्स के ऑपरेशन के बाद 13 वर्षीय बच्ची की मौत, परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप

अपेंडिक्स के ऑपरेशन के बाद 13 वर्षीय बच्ची की मौत, परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप

बालूमाथ। लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के शेरेगड़ा रोड स्थित अफजल लाइफ केयर हॉस्पिटल में अपेंडिक्स का ऑपरेशन कराने पहुंची 13 वर्षीय किशोरी की मौत के बाद रविवार को अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना की सूचना मिलने पर बालूमाथ पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

मृतका की पहचान शेरेगड़ा पंचायत के जतरा टांड़ टोला निवासी खेमनाथ गंझू की पुत्री सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। सुहानी शेरेगड़ा विद्यालय में पढ़ाई करती थी। परिजनों के अनुसार, 19 नवंबर को पेट में दर्द की शिकायत के बाद उसे अफजल लाइफ केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। 20 नवंबर की शाम उसका अपेंडिक्स का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के अगले दिन यानी 21 नवंबर को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।

इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने बेहतर इलाज का हवाला देते हुए उसे आनन-फानन में रांची के केशव अस्पताल पहुंचाया। परिजनों का आरोप है कि शनिवार की मध्य रात्रि में ही किशोरी की मौत हो चुकी थी। इसके बावजूद अस्पताल प्रबंधन के लोगों ने कथित लापरवाही छिपाने के उद्देश्य से उसे रांची के केशव अस्पताल पहुंचाया और वहां छोड़कर फरार हो गए।

हालांकि, किशोरी की मौत के वास्तविक कारणों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। परिजनों ने बालूमाथ थाना में लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

अस्पताल पहुंचे जनप्रतिनिधि, जांच की मांग

घटना की जानकारी मिलने पर सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण कुशवाहा, जिला परिषद सदस्य प्रियंका कुमारी, पूर्व मुखिया सुरेंद्र उरांव, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप गंझू, भाजपा मंडल अध्यक्ष अखिलेश भोक्ता और विधायक प्रतिनिधि संजय यादव समेत कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। सभी ने किशोरी की मौत पर गहरा दुख जताया।

घटना के बाद क्षेत्र में निजी अस्पतालों की चिकित्सकीय व्यवस्था और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

संवाददाता: राम कुमार

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *